
उमरिया। बांधवगढ टाइगर रिज़र्व के वन परिक्षेत्र पतौर के अंतर्गत मझौली गांव में तेंदुए का कंकाल मिला है। तेंदुए के कंकाल मिलने से क्षेत्र और वन विभाग में हड़कंप है। कंकाल जिस स्थान पर मिला है, वो राजस्व क्षेत्र है।
घटना की जैसी ही जानकारी लगी बांधवगढ टाइगर रिज़र्व के क्षेत्र संचालक डॉ अनुपम सहाय सहित एसडीओ पनपथा भूरा गायकवाड़, वन परिक्षेत्राधिकारी अर्पित मैराल, ज्ञानेंद्र प्रजापति एनटीसीए प्रतिनिधि, पनपथा सरपंच मूलचंद जायसवाल वा अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की तह तक जाने में डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई है।
तेंदुए की मौत किन कारणों से हुई है, फिलहाल इसका पता नहीं चला है। शनिवार की शाम वन्य प्राणी चिकित्सक बांधवगढ टाइगर रिज़र्व राजेश तोमर और विपिन चन्द्र आदर्श पशु चिकित्सक मानपुर ने पोस्टमार्टम किया। इसके बाद पार्क के जिम्मेदार अधिकारियों के समक्ष तेंदुए के शव का अंतिम संस्कार किया गया।
क्षेत्र संचालक डॉ अनुपम सहाय ने बताया कि एनटीसीए नई दिल्ली एवम कार्यालय मुख्य वन्य जीव अभिरक्षक मध्यप्रदेश भोपाल के दिशा निर्देश अनुरूप तुरंत कार्रवाई कर स्थल को सुरक्षित किया गया और डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के क्षेत्र की छानबीन की गई। इस मामले में वन अपराध 446/12 के तहत प्रकरण दर्ज कार्रवाई की जा रही है।