VIDEO: पन्ना में ‘स्कूल चलें हम’ अभियान, कलेक्टर ऊषा परमार ने बच्चों संग भोजन कर बढ़ाया उत्साह

‘स्कूल चलें हम’ अभियान के तहत विद्यालयों का दौरा, शिक्षा का महत्व समझाया

राकेश कुमार शर्मा

अजयगढ़/पन्ना। शासन के निर्देशानुसार संचालित चार दिवसीय प्रवेशोत्सव एवं ‘स्कूल चलें हम’ अभियान के अंतर्गत शनिवार को शासकीय विद्यालयों में ‘भविष्य से भेंट’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कलेक्टर ऊषा परमार ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उमराव सिंह मरावी के साथ विभिन्न स्कूलों का भ्रमण कर विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।

विद्यालयों का किया निरीक्षण

कलेक्टर एवं जिपं सीईओ ने शासकीय माध्यमिक शाला मनकी तथा प्राथमिक शाला बिल्खुरा पहुंचकर शिक्षकों को छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यालय का नियमित संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रेरक की भूमिका निभाते हुए बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाया और उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।

बच्चों के साथ बैठकर किया मध्यान्ह भोजन

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया और उन्हें बिस्किट वितरित किए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक गिनती, पहाड़े, कहानी और कविताएं सुनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

शासन की योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से शैक्षणिक जानकारी प्राप्त की गई तथा शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उनकी पढ़ाई में सहयोग करें।

दस्तावेजों की भी ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के जन्म एवं जाति प्रमाण पत्र, आधार तथा अपार आईडी सहित अन्य आवश्यक जानकारियां भी ली गईं। इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने ग्राम के आंगनबाड़ी केंद्र एवं अन्य शासकीय संस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

Back to top button