Panna News: नशे में युवक पुलिस वाहन लेकर फरार, नगर में मचाया उत्पात, कई घायल

पन्ना/रैपुरा। पन्ना जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब ग्राम इमलिया निवासी सुखेंद्र सिंह बुंदेला कथित रूप से नशे की हालत में रैपुरा थाने से पुलिस का वाहन लेकर फरार हो गया। आरोपी ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए नगर में जमकर उत्पात मचाया, जिससे कई लोग घायल हो गए तथा एक मोटरसाइकिल और यात्री बस भी उसकी चपेट में आ गई।

मोटरसाइकिल को घसीटते हुए ले गया पुलिस वाहन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने पुलिस वाहन से एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक वाहन के अगले हिस्से में फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। इस दौरान आरोपी ने एक यात्री बस को भी टक्कर मार दी, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।

भीड़भाड़ वाले इलाके में टली बड़ी दुर्घटना

घटना शाम लगभग चार से पांच बजे के बीच की बताई जा रही है। उस समय नगर में काफी भीड़भाड़ रहती है। गनीमत रही कि कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई, हालांकि कई लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुरानी चाबी से स्टार्ट कर ले गया पुलिस वाहन

थाना प्रभारी स्मिता सिंह बघेल ने बताया कि घटना के समय वह पन्ना में एक बैठक में शामिल होने गई थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी नशे की हालत में था और उसने किसी पुरानी चाबी की मदद से पुलिस वाहन स्टार्ट कर लिया तथा उसे लेकर फरार हो गया।

आरोपी गिरफ्तार, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस का वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा 

Back to top button