
जबलपुर। जबलपुर से पुणे के लिए सीधी ट्रेन शुरू होगी। यह जानकारी सांसद आशीष दुबे ने पत्रकारवार्ता में दी। सांसद दुबे ने कहा कि रेल मंत्री ने यह सौगात जबलपुर संसदीय क्षेत्र की जनता को दी है। जबलपुर से बालाघाट, गोदिंया होते हुए रायपुर के लिए भी ट्रेन सेवा शुरू हो रही है।
सांसद ने बताया कि यह उनकी प्राथमिकता थी जिसके लिए वे लगातार दिल्ली में रेल मंत्री से भेंट करते रहे और पत्राचार के माध्यम से यह मांग करते रहे हैं। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने इस संबंध में पत्र के माध्यम से सांसद को यह जानकारी दी है। पत्र में रेल मंत्री ने बताया कि रीवा से जबलपुर पुणे जाने वाली नई ट्रेन का परिचालन स्वीकृत किया गया है। उन्होंने रेल मंत्री का आभार जताया है। सांसद आशीष दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में जबलपुर संसदीय क्षेत्र को रेल क्षेत्र में इस तरह की अनेक सौगात प्राप्त होंगी।
सांसद आशीष दुबे ने कहा कि जबलपुर से पुणे के लिए ट्रेन सेवा प्रारंभ होने से स्टूडेंस, युवाओं को फायदा मिलेगा क्योंकि जो काफी युवा पुणे में नौकरी कर रहे हैं, उनकी और परिजन को सीधी ट्रेन मिलने से सुविधा मिलेगी। पत्रकार वार्ता में भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, विधायक नीरज सिंह, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, निगम अध्यक्ष रिंकु विज मौजूद रहे।
ये दो ट्रेन मिली-
रीवा – पुणे एक्सप्रेस: यह नई ट्रेन रीवा से जबलपुर होते हुए पुणे तक चलाई जाएगी। इससे विंध्य क्षेत्र से महाराष्ट्र की ओर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।
जबलपुर – रायपुर एक्सप्रेस: यह सेवा जबलपुर से नैनपुर और गोंदिया होते हुए रायपुर तक चलेगी, जिससे महाकौशल और छत्तीसगढ़ के बीच यात्री आवागमन में सुविधा मिलेगी।