एनसीपी प्रमुख, महाराष्‍ट्र के डिप्‍टी सीएम अजित पवार पंचतत्‍व में विलीन

मुंबई। एनसीपी प्रमुख व महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का गुरुवार को बारामती के काटेवाड़ी स्थित विद्या प्रतिष्ठान मैदान में अंतिम संस्कार किया गया। अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने पार्थिव शरीर पर गंगाजल अर्पित किया। उनके दोनों बेटे पार्थ और जय ने मुखाग्नि दी।

देश के प्रमुख नेताओं की उपस्थिति

अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस, शरद पवार, सुप्रिया सुले और राज ठाकरे उपस्थित रहे। अपने नेता को अंतिम विदाई देने बड़ी संख्या में समर्थक भी पहुंचे।

आंखों में आंसू लिए उमड़े समर्थक

अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने समर्थक आंखों में आंसू लिए अंतिम यात्रा में शामिल हुए। भारी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण क्षेत्र में यातायात जाम की स्थिति भी बनी रही।

विमान दुर्घटना में हुआ था निधन

बुधवार को बारामती में एनसीपी प्रमुख अजित पवार के चार्टर्ड विमान की लैंडिंग के दौरान दुर्घटना हो गई थी। इस हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों का निधन हो गया था। अजित पवार अपने पीएसओ के साथ मुंबई एयरपोर्ट से बारामती के लिए रवाना हुए थे। विमान में पायलट, को-पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट भी सवार थे।

लैंडिंग से पहले रडार से संपर्क टूटा

विमान को सुबह 8.43 बजे रनवे 11 पर लैंडिंग की अनुमति दी गई थी, लेकिन 8.45 बजे फाइनल अप्रोच से पहले विमान रडार से गायब हो गया। 8.46 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल को रनवे के आगे आग की लपटें दिखाई दीं, जिसके बाद विमान क्रैश होने की पुष्टि हुई।

तीन दिन का राजकीय शोक

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन पर राज्य सरकार ने बुधवार को तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया था। गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया।

Back to top button