
पन्ना। गुनौर में अश्लील वीडियो बनाकर फरियादी से वसूली करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी ने फरियादी से करीब 10 लाख 80 हजार रुपए की ठगी की थी। दरसअल पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू ने जिले में पंजीबद्ध विभिन्न गंभीर अपराधों के फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष निर्देश दिए थे। इसके साथ ही ऐसे आरोपियों पर 05-05 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
फरार आरोपियों की धरपकड़ तेज
इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वंदना चौहान एवं समस्त एस.डी.ओ.पी. पन्ना के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित कर फरार आरोपियों की धरपकड़ लगातार की जा रही है।
सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती और ठगी
इसी तारतम्य मे थाना गुनौर में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 14/23, जिसमे आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर फरियादी का अश्लील वीडियो बनाकर फरियादी से 10 लाख 80 हजार रुपये की ठगी की गई थी।
कुछ आरोपी पहले ही गिरफ्तार, तीन अभी भी फरार
उक्त मामले में पूर्व में 02 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि 03 आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी लगातार तलाश की जा रही थी।
सायबर सेल की तकनीकी मदद से मिला सुराग
गुनौर थाना प्रभारी माधवी अग्निहोत्री के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा फरार आरोपियों की लगातार तलाश एवं पतासाजी की जा रही थी। जांच के दौरान सायबर सेल पन्ना से तकनीकी सहायता प्राप्त की गई। तकनीकी इनपुट एवं मुखबिर सूचना के आधार पर टीम को जानकारी मिली कि मामले का एक फरार आरोपी साजिद खान वर्तमान में पहाड़ी, जिला भरतपुर (राजस्थान) में रह रहा है।
भरतपुर से आरोपी गिरफ्त में
तत्पश्चात, गुनौर थाना पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुये टीम राजस्थान रवाना हुई जहां दबिश देकर आरोपी साजिद खान को भरतपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार किया है। आरोपी को विधिक कार्रवाई उपरान्त न्यायालय पेश किया गया। उक्त प्रकरण मे फरार 02 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
टीम का सराहनीय योगदान
सराहनीय योगदान – थाना प्रभारी गुनौर निरी. माधवी अग्निहोत्री, प्र.आर. मनीष कश्यप , मुकेश शर्मा आर. शिवेन्द्र सिंह, श्यामसुंदर एवं सायबर सेल टीम का सराहनीय योगदान रहा।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा