छात्रहित में आयुष प्रवेश नियम शिथिल, यूजी नीट स्ट्रेवेकेंसी थर्ड राउंड शुरू

भोपाल। स्टेट आयुष यूजी नीट काउंसलिंग स्ट्रेवेकेंसी का थर्ड और संभावित अंतिम राउंड काउंसलिंग प्रारंभ हो गई हैं। आयुष मंत्रालय मध्यप्रदेश शासन द्वारा भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, उज्जैन, छतरपुर, बुरहानपुर, इंदौर, शिवपुरी समेत प्रदेशभर के आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी मेडिकल कॉलेजों में रिक्त 1100 से ज्यादा सीटों को भरने हेतु संचालनालय आयुष मप्र द्वारा सत्र 2025-26 में यह प्रक्रिया शुरू की गई है।

आयुष मेडिकल एसोसिएशन ने जताया आभार

आयुष मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ राकेश पाण्डेय ने राज्यपाल महोदय, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, आयुष मंत्री इंदरसिंह परमार एवं संचालनालय आयुष आयुक्त के प्रति आभार व्यक्त किया है।

डॉ पाण्डेय ने बताया कि आयुष मेडिकल एसोसिएशन (एएमए) ने मांग की थी कि मप्र आयुष प्रवेश संबंधित नियम 16.4(2) में संशोधन कर प्रवेशित आवेदकों को छोड़कर पूर्व के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मुख्य राउंड के रजिस्टर्ड आवेदकों को भी आगामी स्ट्रेवेकेंसी राउंड में शामिल किया जाए, ताकि पारदर्शितापूर्ण तरीके से सभी को प्रवेश का समान अवसर मिल सके।

काउंसिलिंग शेड्यूल जारी

आयुष विभाग मंत्रालय मप्र एवं संचालनालय ने छात्रहित में संशोधन कर उचित कदम उठाया है। एमपी ऑनलाइन के माध्यम से जारी शेड्यूल के अनुसार—

15 दिसंबर 2025 को रिक्त सीटों की स्थिति, मेरिट सूची एवं पात्र अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन होगा।
16 दिसंबर को च्वाइस फिलिंग होगी।
17 दिसंबर को महाविद्यालयवार मेरिट सूची प्रकाशित की जाएगी।
18 दिसंबर को अभ्यर्थियों की महाविद्यालय में रिपोर्टिंग एवं रिपोर्टेड अभ्यर्थियों की मेरिट सूची का प्रकाशन होगा।
19 दिसंबर को महाविद्यालय में सायं 7 बजे तक प्रवेश की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
प्रवेशित छात्र 19 दिसंबर को ही सायं 8 बजे तक प्रवेश निरस्त भी करा सकते हैं।

प्रदेश में 63 आयुष कॉलेज संचालित

प्रदेश में 39 आयुर्वेद, 20 होम्योपैथी एवं 4 यूनानी सहित कुल 63 आयुष कॉलेज संचालित हैं, जहां लगभग साढ़े चार हजार सीटें उपलब्ध हैं।

निर्णय का स्वागत

आयुष विभाग मंत्रालय मप्र शासन एवं संचालनालय आयुष द्वारा छात्रहित में लिए गए निर्णय का हम स्वागत करते हैं। सभी नीट क्वालीफाइड छात्रों को काउंसलिंग में शामिल करने के निर्णय से यह संभावना है कि अब रिक्त सीटें भरी जा सकेंगी।

— डॉ राकेश पाण्डेय
राष्ट्रीय प्रवक्ता, आयुष मेडिकल एसोसिएशन

Back to top button