
भोपाल। आयुष यूजी सीटें भरने संचालनालय ने स्ट्रेवेंकेंसी का दूसरा राउंड जारी किया। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, बुरहानपुर, रीवा, उज्जैन , इंदौर, छतरपुर, शिवपुरी समेत प्रदेश के 63 आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी आयुष मेडिकल कॉलेजों में स्ट्रेवेकेंसी प्रथम राउण्ड के पूर्व 2007 आयुष यूजी सीटें रिक्त थीं। स्ट्रेवेकेंसी प्रथम राउण्ड के पश्चात लगभग 1250 से ज्यादा आयुष यूजी सीटें खाली रह गई हैं। इससे वे भरी जा सकेंगी।
एएमए की मांग
आयुष मेडिकल एसोसिएशन ( एएमए) के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ राकेश पाण्डेय ने बताया कि संगठन ने संचालनालय आयुष मप्र व केंद्रीय आयुष मंत्रालय से मांग की थी कि नीट पर्सेंटाइल कम करके पुन: एक राउण्ड की अतिरिक्त काउंसलिंग करायी जावे। संचालनालय आयुष मप्र ने छात्रहित को ध्यान रखते हुये संक्षिप्त सत्र 2025-26 में आयुष नीट यूजी स्ट्रेवेकेंसी राउण्ड का द्वितीय चरण जारी किया जिसके तहत 3 दिसंबर को ऑनलाइन पंजीयन, 4 दिसंबर को अभिलेख सत्यापन, 5 दिसंबर को रिक्त सीटों की स्थिति, मेरिट सूची का प्रकाशन व पात्रताधारी अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन, च्वाइश फिलिंग 6 दिसंबर को, महाविद्यालयवार मेरिट सूची का प्रकाशन 7 दिसंबर को, महाविद्यालय में अभ्यर्थियों द्वारा रिपोर्टिंग 8 दिसंबर को, महाविद्यालय में अभ्यर्थियों द्वारा उपस्थिति दर्ज तथा मेरिट सूची 8 दिसंबर को, महाविद्यालय में अस्थाई प्रवेश 9 दिसंबर को तथा प्रवेश निरस्तीकरण भी 9 दिसंबर को सायं 6 बजे तक हो सकेगा।
प्रदेश में आयुर्वेद के 39, होम्योपैथी के 20 व यूनानी के 4 कॉलेजों की साढ़े चार हजार से ज्यादा सीटें संचालित हैं।
सीटें भरी जा सकेंगी
स्ट्रेवेकेंसी द्वितीय राउण्ड के लिये संचालनालय आयुष के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। कमिश्नर आयुष तथा आयुष मंत्री मप्र द्वारा अगर नीट यूजी स्ट्रेवेकेंसी रूलबुक बिंदु 16.4(2) में संशोधन कर अभी तक के प्रवेशित अभ्यर्थियों के अतिरिक्त पंजीकृत समस्त छात्रों को स्ट्रेवेकेंसी के द्वितीय चरण में शामिल कर लिया जावे तो रिक्त लगभग 1250 से ज्यादा यूजी सीटें भर सकेंगी अन्यथा जब तक कटऑफ पर्सेंटाइल में कमी नहीं की जायेगी तब तक सीटें ज्यादातर खाली रहेंगी।
– डॉ राकेश पाण्डेय
राष्ट्रीय प्रवक्ता, आयुष मेडिकल एसोसिएशन