
जबलपुर। लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने मानहानि प्रकरण के खिलाफ मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। केंद्रीय मंत्री व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पुत्र कार्तिकेय सिंह के परिवाद पर एमपी एमएलए कोर्ट भोपाल के विशेष मजिस्ट्रेट की ओर से जारी समन व परिवाद को निरस्त कराने की मांग की गई है।
एमपी एमएलए कोर्ट भोपाल में दायर हुआ मानहानि केस
कार्तिकेय सिंह ने भोपाल की एमपी एमएलए कोर्ट में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का केस दायर किया है। इस मामले में विशेष मजिस्ट्रेट द्वारा राहुल गांधी को समन जारी किया गया है।
समन और परिवाद निरस्त करने हाई कोर्ट पहुंचे राहुल गांधी
राहुल गांधी उक्त समन और परिवाद को निरस्त करने की मांग को लेकर हाई कोर्ट की शरण में गए हैं।
2018 के चुनावी भाषण को लेकर दायर हुआ मामला
कार्तिकेय सिंह ने एमपी एमएलए कोर्ट में मानहानि का केस दायर कर कहा है कि वर्ष 2018 में राहुल गांधी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। उस समय झाबुआ में हुई चुनावी सभा में राहुल गांधी ने एक भाषण में कथित तौर पर पनामा पेपर्स लीक का जिक्र कर शिवराज सिंह चौहान और उनके बेटे कार्तिकेय सिंह का नाम लिया था।
छवि को नुकसान पहुंचाने का आरोप
उनके बयान को लेकर कार्तिकेय ने इसे अपनी छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताते हुए मुकदमा दायर किया है। इस मामले में राहुल गांधी को समन जारी किया गया है।