
राकेश कुमार शर्मा
पन्ना। आम नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिम्मेदार खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच व्यवस्था के आंकड़े सामने आए हैं। जनवरी 2026 से अब तक करीब 11 महीनों में विभाग ने जिले में खाद्य पदार्थों के 110 नियामक नमूने लिए हैं। इनमें से केवल 23 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, 20 नमूने सुरक्षित पाए गए, जबकि तीन नमूने अमानक एवं असुरक्षित मिले हैं। शेष 87 नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
पन्ना जैसे बड़े जिले में करीब 11 महीनों के दौरान लिए गए नमूनों में से अधिकांश की रिपोर्ट लंबित रहना खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है। विभाग द्वारा लिए गए नमूनों में अधिकांश पैक बंद खाद्य सामग्री के हैं, जबकि कुछ खुले खाद्य पदार्थों के नमूने भी शामिल हैं। इनमें मेडिकल स्टोर, किराना दुकान, मिठाई दुकान, दुग्ध उत्पाद विक्रेताओं और दूध विक्रेताओं से लिए गए नमूने शामिल हैं।
142 निगरानी नमूनों की रिपोर्ट भी लंबित
खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश राय ने बताया कि नियामक नमूनों के अलावा विभाग ने 142 निगरानी नमूने भी लिए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने के बाद जिन नमूनों में खाद्य सामग्री अमानक पाई जाएगी, संबंधित कारोबारियों को सुधार के लिए नोटिस दिया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार दोबारा नमूना लेकर जांच की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नियामक नमूने में गड़बड़ी पाए जाने पर सीधे कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जाती है, जबकि निगरानी नमूनों में पहले सुधार का अवसर दिया जाता है।
जिले में खाद्य पदार्थों की बिक्री का दायरा व्यापक है। ऐसे में केवल नमूने लेने की संख्या ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि समय पर जांच रिपोर्ट प्राप्त होना और अमानक खाद्य सामग्री के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करना भी जरूरी है। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए नियमित निगरानी और जांच प्रक्रिया का समय पर पूरा होना महत्वपूर्ण है।