
राकेश कुमार शर्मा
पन्ना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को पन्ना प्रवास के दौरान विकास, सांस्कृतिक विरासत, महिला सशक्तिकरण और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) जैसे विषयों पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने जिले को 184 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी, विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया तथा सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के पेंशनधारियों के खातों में 210 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की।
दीप प्रज्ज्वलन और कन्या पूजन से हुआ शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा लाड़ली लक्ष्मी कन्याओं का पूजन कर नारी सम्मान और भारतीय संस्कृति का संदेश दिया। कार्यक्रम में खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
पेंशनधारियों के खातों में 210 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल से ही प्रदेश के करीब 35 लाख सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में 210 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाया जा रहा है।
यूसीसी का किया उल्लेख, कांग्रेस पर साधा निशाना
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि एक ही प्रदेश में अलग-अलग नागरिकों के लिए अलग-अलग कानून उचित नहीं हो सकते। कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और महिलाओं को धर्म के आधार पर अलग-अलग अधिकार नहीं मिल सकते।
उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वर्षों तक वोट बैंक की राजनीति के कारण समाज को बांटने का प्रयास किया गया। अब प्रदेश सरकार समानता, न्याय और सामाजिक समरसता की भावना के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि चाहे किसी भी धर्म की महिला हो, उसे समान सम्मान और समान अधिकार मिलना चाहिए।
सनातन संस्कृति और ‘विरासत से विकास’ का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार “विरासत से विकास” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। भारतीय संस्कृति “वसुधैव कुटुम्बकम्”, “सर्वे भवन्तु सुखिनः” और सर्वधर्म समभाव की भावना पर आधारित है, जो पूरे विश्व के कल्याण का संदेश देती है।
केन-बेतवा परियोजना से बदलेगी बुंदेलखंड की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना बुंदेलखंड के विकास की आधारशिला बनेगी। इससे सिंचाई, पेयजल, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। परियोजना से प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने का भरोसा दिलाते हुए उन्होंने किसानों से अपनी पुश्तैनी जमीन न बेचने की अपील की।
पन्ना को पर्यटन और उद्योग का नया केंद्र बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पन्ना प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक विरासत और हीरों की पहचान के साथ अब पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। कांच (ग्लास) ब्रिज सहित पर्यटन परियोजनाएं जिले को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देंगी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक पार्क, फूड प्रोसेसिंग और कृषि आधारित उद्योगों के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे।
मंदिर, तालाब, स्टेडियम और कॉलेज के लिए बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने श्री जुगल किशोर मंदिर के विकास के लिए अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत चंदेलकालीन तालाबों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन, निर्माणाधीन महाराजा छत्रसाल स्टेडियम के लिए अतिरिक्त धनराशि, ब्रजपुर में महाविद्यालय तथा विभिन्न सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों को भी स्वीकृति देने की घोषणा की।
युवाओं और किसानों के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर भर्ती कर रही है। साथ ही कृषि, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन और स्वरोजगार को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
सांसद वीडी शर्मा ने बताया ऐतिहासिक अवसर
खजुराहो सांसद एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त (वीडी) शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि पन्ना जिले को मिली विकास परियोजनाएं क्षेत्र की तस्वीर बदल देंगी। उन्होंने केन-बेतवा परियोजना, पर्यटन विकास, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर बुंदेलखंड के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।
विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने जताया आभार
पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पन्ना जिले को मेडिकल कॉलेज, कृषि महाविद्यालय, सड़क, पुल, पर्यटन परियोजनाओं तथा केन-बेतवा परियोजना सहित अनेक ऐतिहासिक सौगातें मिली हैं। उन्होंने जिले के विकास के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया आभार प्रदर्शन
कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा ने मुख्यमंत्री, सांसद, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
‘पन्ना के विकास में धन की कमी नहीं आने देंगे’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पन्ना जिले के विकास में सरकार कोई कमी नहीं आने देगी और आने वाले समय में भी जिले की सभी प्रमुख विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।