हडको की हाई लेवल कमेटी का एमपी ट्रांसको मुख्यालय शक्ति भवन का दौरा

ट्रांसमिशन नेटवर्क विस्तार एवं भविष्य की योजनाओं पर मंथन

जबलपुर। हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (हडको) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय समिति ने मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के मुख्यालय शक्ति भवन का दौरा किया। इस दौरान समिति ने एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी, मुख्य वित्तीय अधिकारी मुकुल मेहरोत्रा सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

ट्रांसमिशन नेटवर्क और वित्तीय सहायता की समीक्षा

बैठक में हडको से प्राप्त वित्तीय सहायता के उपयोग और उसकी प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही प्रदेश में ट्रांसमिशन नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण, नए उपकेंद्रों एवं ट्रांसमिशन लाइनों के विस्तार, नवीकरणीय ऊर्जा के ग्रिड एकीकरण तथा भविष्य में बढ़ती विद्युत मांग को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

भविष्य की योजनाओं से कराया गया अवगत

एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने समिति को कंपनी की भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने टीबीसीबी परियोजनाओं, ओपन एक्सेस व्यवस्था तथा कम लागत में समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण परियोजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से अवगत कराया।

वहीं मुख्य वित्तीय अधिकारी मुकुल मेहरोत्रा ने कंपनी की वर्तमान वित्तीय स्थिति, चल रही परियोजनाओं तथा भविष्य की ऋण आवश्यकताओं के विषय में जानकारी साझा की।

हडको ने एमपी ट्रांसको के कार्यों की सराहना की

हडको के अध्यक्ष संजय कुलश्रेष्ठ ने एमपी ट्रांसको द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी विद्युत ट्रांसमिशन एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए निरंतर वित्तीय सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में दोनों संस्थानों के बीच सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की गई।

बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित

उच्च स्तरीय समिति में हडको की क्षेत्रीय प्रमुख (मध्यप्रदेश) डॉ. त्रप्ति मिश्रा दीक्षित तथा हडको भोपाल के संयुक्त महाप्रबंधक आनंद सोनी भी शामिल रहे।

Back to top button