
नई दिल्ली। दिल्ली के यशोभूमि में इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 के 9 वें एडिशन का उदघाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। यह एशिया का सबसे बड़ा टेलीकॉम, मीडिया और टेक्नोलॉजी इवेंट है। पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत में एक जीबी डेटा की कीमत एक कप चाय के दाम से भी कम है। जब मैंने मेक इन इंडिया की बात की थी तो कुछ लोग इसका मजाक उड़़ाते थे। कुछ दिन पहले ही भारत ने अपना मेड इन इंडिया 4 जी स्टैक लांच किया है। यह देश की बड़ी स्वदेशी उपलब्धि है। अब भारत दुनिया के उन 5 देशों की लिस्ट में आ गया है जिनके पास यह सामर्थ्य है।
भारत की तकनीक सक्षम हाथों में
पीएम मोदी ने कहा कि अभी हमारे बहुत सारे स्टार्टअप्स ने कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने प्रेजेंटेशन दिए हैं। Financial Fraud Prevention, Quantum Communication, 6G, Optical Communication, Semiconductors, ऐसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रेजेंटेशन को देखकर ये विश्वास गहरा होता है कि भारत का तकनीकी भविष्य सक्षम हाथों में है। IMC का ये आयोजन अब सिर्फ Mobile या Telecom तक सीमित नहीं रहा है। सिर्फ कुछ वर्षों में IMC का ये इवेंट, एशिया का सबसे बड़ा डिजिटल टेक्नोलॉजी फोरम बन गया है।
युवाओं ने लिखी सक्सेस स्टोरी
पीएम मोदी ने कहा कि इस सक्सेस स्टोरी को लिखा है, भारत के Tech Savvy Mindset ने, इसे लीड किया है, हमारे युवाओं ने, भारत के टैलेंट ने, इसे गति दी है हमारे इनोवेटर्स ने, हमारे स्टार्टअप्स ने इसे गति दी है। इसलिए ये मुमकिन हो पाया है क्योंकि, आज सरकार देश की प्रतिभा और क्षमता के साथ पूरी ताकत से खड़ी है।
हर जिले में 5 जी
पीएम ने कहा कि जो देश कभी 2G को लेकर Struggle करता था, आज उसी देश के लगभग हर ज़िले में 5G पहुंच चुका है। हमारा इलेक्ट्रानिक्स प्रोडक्शन 2014 की तुलना में छह गुना बढ़ चुका है। मोबाइल फोन के निर्माण में 28 गुना और एक्सपोर्ट सौ गुना बढ़ा है।
जॉब्स क्रिएट हुए
पिछले एक दशक में मोबाइल फोन मेन्युफेक्चरिंग सेक्टर ने लाखों डायरेक्ट जॉब्स क्रिएट की हैं। अभी हाल ही में, एक बड़ी स्मार्टफोन कंपनी का डेटा सामने आया है। आज 45 भारतीय कंपनियां उस एक बड़ी कंपनी की सप्लाई चैन से जुड़ी हैं। इससे करीब साढ़े तीन लाख रोजगार देश में पैदा हुए हैं। और ये केवल एक कंपनी का आंकड़ा नहीं है। आज देश में कितनी ही कंपनियां बड़े स्केल पर मेन्युफेक्चरिंग कर रही हैं। इसमें अगर इनडायरेक्ट ऑपार्चुनिटीज को जोड़ दें, तो हम कल्पना कर सकते हैं कि रोजगार का ये नंबर कितना बड़ा बन जाता है।
साइबर सिक्योरिटी को प्राथमिकता
पीएम ने कहा कि आज हम देश में साइबर सेक्योरिटी को भी उतनी ही प्राथमिकता दे रहे हैं। साइबर फ्राड्स के खिलाफ कानून सख्त किए गए हैं, और अकाउंटबिलिटी भी बढ़ाई है।
रिफॉर्म्स का साल
पीएम ने कहा कि कुछ सप्ताह पहले ही 15 अगस्त को मैंने लालकिले से घोषणा की है, कि ये साल बड़े बदलावों का, बड़े रिफॉर्म्स का साल है। हम रिफॉर्म्स की गति बढ़ा रहे हैं, और इसलिए हमारी इंडस्ट्री का, हमारे इनोवेटर्स का दायित्व भी बढ़ रहा है। और इसमें बहुत बड़ी भूमिका हमारे स्टार्टअप्स की है, हमारे यंग इनोवेटर्स की भी है। मुझे देखकर खुशी है कि IMC ने भी इस साल 500 से ज्यादा स्टार्टअप्स को बुलाकर, उन्हें इन्वेस्टर्स और ग्लोबल मेंटर्स के साथ जुड़ने का मौका दिया है।
सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स पर काम
पीएम ने कहा कि हमने पहचाना कि सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग की कैपेसिटी अभी तक कुछ गिने-चुने देशों तक सीमित थी। आज भारत ने इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। भारत में 10 सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स पर काम हो रहा है।
भारत एक ग्लोबल डाटा हब बन सकता है
पीएम ने कहा कि मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग में चिपसेट्स और बैटरियों से लेकर, डिस्प्ले और सेंसर्स, ये काम देश के भीतर और ज्यादा होने की जरूरत है। दुनिया पहले से कहीं ज्यादा data generate कर रही है। इसलिए स्टोरेज, सुरक्षा और sovereignty जैसे सवाल बहुत महत्वपूर्ण हो जाएंगे। डेटा सेंटर्स और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर पर काम करके भारत एक global data hub बन सकता है।
दूरसंचार क्रांति 4 डी पर आधारित
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हमारी दूरसंचार क्रांति 4 डी पर आधारित है। यह है डेमोक्रेसी, डेमोग्राफी, डिजिटल फर्स्ट और डिलीवरी। 2014 की तुलना में आज 1 जीबी डेटा की कीमत बहुत कम है। यह विकसित भारत की क्रांति है।