संत रविदास जी के कर्म प्रधानता और समरसता के सिद्धांत को करें आत्मसात

संत रविदास जी के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान

जबलपुर। भक्त शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर समरसता सेवा संगठन द्वारा अग्रवाल धर्मशाला, गौरीघाट में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मप्र तैलघानी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रविकिरण साहू, समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त मुख्य टिकट निरीक्षक पमरे बृजभूषण त्रिपाठी तथा आचार्य देवेंद्र त्रिपाठी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

विचार गोष्ठी के बाद पौधारोपण

विचार गोष्ठी के पश्चात समस्त अतिथियों एवं आगंतुकों द्वारा नर्मदा उद्यान, गौरीघाट में संत रविदास जी की पावन स्मृति में नीम का पौधा रोपित किया गया। कार्यक्रम में समरसता सेवा संगठन के अध्यक्ष संदीप जैन एवं सचिव उज्जवल पचौरी की विशेष उपस्थिति रही।

कर्म प्रधानता और समरसता का संदेश

विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए रविकिरण साहू ने कहा कि संत रविदास जी जैसे महान संतों का अवतरण भारत भूमि पर हुआ, जिनके समरसता के संदेश ने समाज को सद्भाव और एकता के सूत्र में बांधने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के कर्म प्रधानता और समरसता के सिद्धांतों को प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।

भक्ति आंदोलन के महान संत

बृजभूषण त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास 15वीं और 16वीं शताब्दी के बीच उत्तर भारत के भक्ति आंदोलन के प्रमुख कवि, विचारक और समाज सुधारक थे। वे कबीर के समकालीन थे और उन्होंने सेवा एवं भक्ति के सहज मार्ग का संदेश दिया। “मन चंगा तो कठौती में गंगा” जैसे सूक्त वाक्यों के माध्यम से उन्होंने सामाजिक कुरीतियों और असमानता के विरुद्ध चेतना जगाई।

सनातन संस्कृति के ध्वजवाहक

आचार्य देवेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास जी ने ईश्वर भक्ति और मानव कल्याण के संदेशों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया। वे सनातन संस्कृति के सच्चे ध्वजवाहक थे और उनके प्रेरक विचार आज भी समाज को सही दिशा देने में सक्षम हैं।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार

कार्यक्रम का संचालन उज्जवल पचौरी एवं धीरज अग्रवाल द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन संगठन अध्यक्ष संदीप जैन ने किया।

उपस्थित सामाजिकजन

कार्यक्रम में मुन्नीलाल अहिरवार, पार्षद मालती चौधरी, राजेन्द्र चौधरी, बारेलाल यादव, डॉ. भास्कर अहिरवार, रोशन लाल चौधरी, संजय दुबे, पुरस्कृत सेंगर, रघुवरदास अहिरवार, राकेश चौधरी, नरेश चौधरी, पंकज शुक्ला, रूपेश साहू, ज्योति शुक्ला, बृजेन्द्र अहिरवार, नंद कुमार रत्नेजा, दिनेश चमोली, अनिल सोनी, किशन सिंह राठौर, शिवरतन पटेल, मनोज यादव, नितिन अग्रवाल, विनीत यादव सहित बड़ी संख्या में सामाजिकजन उपस्थित रहे।

Back to top button