
जबलपुर। किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 28 फरवरी को एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी टीका लगवाकर अभियान की शुरुआत की।

सेठ गोविन्द दास जिला चिकित्सालय में हुआ जिलास्तरीय शुभारंभ
जिलास्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम सेठ गोविन्द दास जिला चिकित्सालय (विक्टोरिया) में आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक गहलोत एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिले में चरणबद्ध तरीके से चलेगा अभियान
जबलपुर जिले में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के प्रथम चरण में 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को यह टीका लगाया जाएगा।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव में कारगर वैक्सीन
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं में होने वाला सर्वाइकल कैंसर दूसरा प्रमुख कैंसर है। एचपीवी वैक्सीन की डोज लगवाने से इस बीमारी से बचाव और सुरक्षा मिलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। साथ ही जिले की जनता से अपील की कि वे अपनी 14 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों को एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं।
5000 रुपये से अधिक कीमत की वैक्सीन अब निःशुल्क
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से नोटिस योग्य बचाव की दिशा में यह अभियान एक बड़ा कदम है। इस टीके की एक डोज का बाजार मूल्य 5000 रुपये से अधिक है, जिसे भारत शासन द्वारा अब पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।
13 स्थानों पर शुरू हुआ टीकाकरण
आज से जिले में 13 स्थानों पर एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया गया है। आगामी दिनों में इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी, ताकि सभी लाभार्थी बालिकाओं को उनके निकट ही टीका लगवाने की सुविधा मिल सके। वर्तमान में आठवीं और नौवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं चलने के कारण लाभार्थी बालिकाओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें वृद्धि की उम्मीद जताई गई है।
स्वास्थ्य अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विनोद गुप्ता, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विनीता उप्पल, वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.एस. दाहिया, डॉ. के.के. वर्मा, डॉ. अमिता जैन, डॉ. अमजद खान, डॉ. वैशाली खन्ना, अरुण शाह, अतुल करकरे, विजय पाण्डेय, संदीप नामदेव, विकास श्रीवास्तव, विकास शर्मा, निशांक तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।