Jabalpur Flyover: 23 को मदनमहल-दमोहनाका फ्लाई ओवर का लोकार्पण, ये है इसकी खासियत

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री मोहन यादव करेंगे जनता को समर्पित

जबलपुर। मध्य प्रदेश का सबसे लंबे मदनमहल से दमोहनाका फ्लाई ओवर का लोकार्पण केंद्रीय सड़क परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार 23 अगस्त को करेंगे। फ्लाई ओवर लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारी को लेकर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ सम्पूर्ण फ्लाई ओवर का निरीक्षण किया।

लोकार्पण को लेकर तैयारियां पूरी

राकेश सिंह ने कहा कि मप्र के सबसे बड़े फ्लाई ओवर का लोकार्पण केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आगामी शनिवार को करेंगे।

फ्लाई ओवर निर्माण की पृष्ठभूमि

सिंह ने बताया कि 2004 में जब उन्होंने पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा तब जबलपुर के यातायात को व्यवस्थित करने के लिए फ्लाई ओवर निर्माण को संकल्प पत्र में शामिल किया था। इसके बाद लगातार प्रयास प्रारंभ किए गए और 2014 में केंद्र में सरकार बनने के बाद नितिन गडकरी से जबलपुर में मुलाकात के दौरान इस फ्लाई ओवर की मांग रखी गई। गडकरी ने तत्काल इसकी स्वीकृति दी और सीआरएफ से निर्माण का आदेश जारी किया।

रात के समय इस तरह से नजर आता है जबलपुर का फ्लाई ओवर।

फ्लाई ओवर की खासियत

लगभग 11 सौ करोड़ की लागत से निर्मित 7 किमी लंबा यह फ्लाई ओवर मप्र का सबसे लंबा फ्लाई ओवर है। इसमें रेल मार्ग के ऊपर देश का सबसे लंबा सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज (192 मीटर) बनाया गया है। साथ ही 3 बो स्ट्रिंग ब्रिज (दो रानीताल और एक बलदेवबाग में) निर्मित हैं, जो पूरी तरह स्टील से बने हैं और प्रत्येक की लंबाई लगभग 70 मीटर है।

फ्लाई ओवर के नीचे पर्यावरण संरक्षण हेतु लगभग 50 हजार पौधों का रोपण किया गया है। साथ ही यहां बास्केटबॉल कोर्ट, ओपन जिम और बच्चों के लिए पार्क बनाए गए हैं। पूरे फ्लाई ओवर में 10 स्थानों पर दिशा सूचक बोर्ड लगाए गए हैं।

यातायात और समय की बचत

श्री सिंह ने बताया कि मदनमहल से दमोहनाका तक पहले 40 से 45 मिनट का समय लगता था, लेकिन फ्लाई ओवर से आवागमन प्रारंभ होने के बाद यह दूरी केवल 6 से 8 मिनट में तय होगी। यह फ्लाई ओवर जबलपुर के यातायात को व्यवस्थित करने के साथ ही महानगरीय स्वरूप की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

लोकार्पण में शामिल होने की अपील

लोक निर्माण मंत्री ने जबलपुर की जनता से अपील की है कि वे इस बड़े लोकार्पण कार्यक्रम में सम्मिलित होकर शहर को मिली इस सौगात का हिस्सा बनें।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित

निरीक्षण में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, नीरज सिंह, संतोष बरकड़े, भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, जिप अध्यक्ष आशा गोंटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, पूर्व विधायक शरद जैन, अंचल सोनकर, कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव, अपर कलेक्टर मीसा सिंह, चीफ इंजीनियर लोनिवि आर एल वर्मा, अधीक्षण यंत्री लोनिवि दिनेश कौरव, कार्यपालन यंत्री लोनिवि शिवेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक एनएचआई अमृतलाल साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Back to top button