
भोपाल। एमपी बोर्ड का 10वीं और 12वीं का रिजल्ट घोषित हो गया है। इस साल भी बेटियों ने बाजी मारी है। रिजल्ट की घोषणा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने की।
बेटियों ने किया टॉप
10 वीं में सिंगरौली की प्रज्ञा जायसवाल ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करके प्रदेश में टॉप किया है। उसे 500 में से 500 अंक मिले हैं। वहीं 12 वीं में सतना की प्रियल द्विवेदी ने टॉप किया है।उसे 500 में से 492 अंक मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
मुख्यमंत्री ने सभी छात्र छात्राओं को बधाई दी है। मुख्य मंत्री फर्स्ट सेकंड और थर्ड रैंक लाने वाले टॉपर्स को सम्मानित करेंगे।
इस बार 10वीं में 76.42 फीसदी बच्चे पास हुए हैं। जबकि बीते वर्ष सिर्फ 58.10 फीसदी विद्यार्थी ही पास हो सके थे। एमपी बोर्ड 12वीं रिजल्ट इस वर्ष 74.48 फीसदी रहा। पिछले साल 12वीं में 64.48 फीसदी बच्चे पास हुए थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जो छात्र असफल हुए हैं, उनका साल खराब नहीं होगा। वे साल में दो बार एग्जाम दे सकेंगे। 17 जून से दोबारा परीक्षा दे पाएंगे। विद्यार्थी जितने भी विषयों में फेल हुए हो, वे जून में दूसरी परीक्षा में बैठ सकेगा।
शैजाह फातिमा को 500 में से 498 अंक
जबलपुर में कक्षा दसवीं में मॉडल स्कूल की छात्रा शैजाह फातिमा ने 500 में से 498 अंक प्राप्त कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
प्रदेश में नरसिंहपुर जिला अव्वल
प्रदेश में दसवीं में नरसिंहपुर जिले का परिणाम सबसे अच्छा रहा है। यहां 92.72 फीसदी छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं दूसरे नंबर पर 89.83 फीसदी के साथ मंडला जिला दूसरे नंबर पर रहा है।
-सीहोर के पार्थ राठौर ने कक्षा बारहवीं के बायो संकाय में 500 में से 483 अंक प्राप्त किए।
– कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट विद्यालय देवास की मुस्कान शेख को प्रदेश की मेरिट में छठा स्थान हासिल किया। मुस्कान को 500 में से 495 अंक हासिल हुए।