
जबलपुर। नर्मदा प्राकट्य उत्सव के पावन अवसर पर रविवार को संस्कारधानी जबलपुर का माहौल पूरी तरह उत्सवी नजर आया। श्रद्धालु अपनी-अपनी श्रद्धा और परंपरा के अनुसार मां नर्मदा का पूजन-अर्चन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। सुबह से ही नर्मदा घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।
घाटों पर भक्तिमय और दर्शनीय वातावरण
जबलपुर के प्रमुख नर्मदा घाटों गौरीघाट, उमाघाट, तिलवारा घाट और भेड़ाघाट में विशेष धार्मिक वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालु मां नर्मदा को चुनरी अर्पित कर दीपदान कर रहे हैं। घाटों पर जयकारों, भजनों और आरती से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क
श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन द्वारा जगह-जगह बेरिकेटिंग की गई है। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए वाहनों को निर्धारित मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है, जिससे भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

नर्मदा स्वच्छता के लिए नाव से लगातार सफाई
मां नर्मदा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। नाव के माध्यम से सफाई कर्मी लगातार नदी में एकत्र हो रहे निर्माल्य को बाहर निकाल रहे हैं, ताकि नदी का पावन स्वरूप बना रहे। श्रद्धालुओं से भी स्वच्छता बनाए रखने की अपील की जा रही है।

भंडारों से श्रद्धालुओं की सेवा
नर्मदा प्राकट्य उत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं की सेवा के लिए शहर के विभिन्न घाटों और मार्गों पर जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर मां नर्मदा का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
फोटो: ओपी नेमा