
जबलपुर। अखिल भारतीय गायत्री परिवार, मनमोहन नगर स्थित गायत्री शक्तिपीठ के तत्वावधान में आयोजित 251 कुण्डीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ शुक्रवार को भव्य मंगल कलश शोभा यात्रा के साथ हुआ। यह महायज्ञ नारी सशक्तिकरण वर्ष 2025–26 को समर्पित है और 19 से 22 दिसंबर 2025 तक नर्मदा तट स्थित गीताधाम, गौरीघाट में आयोजित किया जा रहा है।

कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
शोभा यात्रा का शुभारंभ एसएफआरआई ग्राउंड, पोलीपाथर से हुआ, जो लगभग साढ़े तीन किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए महायज्ञ स्थल गीताधाम पहुंची। यात्रा में हजारों की संख्या में माताएं-बहनें सिर पर मंगल कलश धारण कर शामिल हुईं। पूरे मार्ग में भक्ति, अनुशासन और आध्यात्मिक उल्लास का अनुपम दृश्य देखने को मिला।

शोभा यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र
कलश यात्रा में बैंड-बाजे, घोड़े, ऊंट, आकर्षक झांकियां एवं धार्मिक प्रतीकों ने शहरवासियों का मन मोह लिया। भारत माता, गायत्री माता, वेदमाता, गुरुदेव श्रीराम शर्मा आचार्य एवं गुरुमाता भगवती देवी की प्रतिमाएं विशेष आकर्षण रहीं। शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण सहित अनेक धार्मिक व सांस्कृतिक झांकियां बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गईं।
विधिविधान से कलश स्थापना
कलश यात्रा का शुभारंभ नरसिंह देवाचार्य महाराज ने किया। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया तथा पेयजल व चाय की समुचित व्यवस्थाएं की गईं।
सायं लगभग 4 बजे यात्रा के गीताधाम पहुंचने पर यज्ञ भवन में कलश स्थापना एवं विदाई विधान संपन्न हुआ। हरिद्वार से पधारे आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया।
19 से 22 दिसंबर तक चलेंगे यज्ञ, प्रवचन व सेवा कार्यक्रम
चार दिवसीय आयोजन के दौरान प्रातः योग, ध्यान, प्राणायाम एवं यज्ञ संस्कार संपन्न होंगे, जबकि सायंकाल प्रवचन, भजन-संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 21 दिसंबर की संध्या 11,000 दीप महायज्ञ विशेष आकर्षण रहेगा।
20 दिसंबर को चिन्मय पंड्या का विशेष उद्बोधन
कार्यक्रम की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में 20 दिसंबर को देवसंस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार के प्रति कुलपति चिन्मय पंड्या का शाम 4 बजे विशेष उद्बोधन प्रस्तावित है। इसके साथ ही जीवन दर्शन आधारित प्रदर्शनी, विशाल पुस्तक मेला तथा प्रतिदिन निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर भी लगाए जाएंगे।
मानव सेवा का संदेश: 251 यूनिट रक्तदान महादान
मानव सेवा के संकल्प को साकार करते हुए 20, 21 एवं 22 दिसंबर को 251 यूनिट रक्तदान महादान का आयोजन गायत्री शक्तिपीठ परिसर में प्रातः 10 से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु व कार्यकर्ता रहे उपस्थित
कार्यक्रम में गायत्री शक्तिपीठ के ट्रस्टी बी.बी. शर्मा, ज़ोन प्रभारी नरेश तिवारी, जिला समन्वयक प्रेमशंकर तिवारी, अरविंद श्रीवास्तव, प्रमोद राय सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महिलाओं की ओर से कविता तिवारी, गीता डोंगरे, अर्चना श्रीवास्तव, वंदना तिवारी, बन्ना तिवारी सहित बड़ी संख्या में साधिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
आयोजकों ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन में सहभागी बनकर आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता एवं मानव सेवा के इस महाअभियान का हिस्सा बनने की अपील की है।