न्यू भेड़ाघाट में बनेगा ग्लास ब्रिज, संगमरमरीय वादियों का आनंद लेंगे पर्यटक

जबलपुर। यह ग्लास ब्रिज करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। 18 मीटर लंबे इस ब्रिज को स्टील के मजबूत बेस पर उच्चकोटि के कांच से तैयार किया जाएगा। लगभग छह फीट चौड़े इस ब्रिज पर पर्यटक खड़े होकर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकेंगे।

एआई वीडियो वायरल, निर्माण में लगेगा समय

इन दिनों भेड़ाघाट में प्रस्तावित कांच के ब्रिज का एआई जनरेटेड वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जबकि वास्तविकता में यह ब्रिज अभी निर्माणाधीन है। इसे पूरी तरह तैयार होने में लगभग तीन माह का समय लगेगा। फिलहाल ब्रिज का स्टील बेस तैयार किया जा चुका है। इस ब्रिज पर पर्यटकों से निर्धारित शुल्क लिया जाएगा।

नीचे का भी दिखेगा नजारा

कांच के ब्रिज पर खड़े होकर पर्यटकों को एक अलग और रोमांचक अनुभव मिलेगा। वे नीचे की घाटी और आसपास के मनोरम दृश्यों का भी आनंद ले सकेंगे। इस ब्रिज को बेहद मजबूत और बहु-परतीय सुरक्षा ग्लास से बनाया जाएगा, जो भारी वजन सहने के साथ तेज हवाओं का भी सामना कर सकता है।

देश के कई शहरों में पहले से मौजूद हैं ग्लास ब्रिज

विशाखापत्तनम और केरल समेत देश के कई पर्यटन स्थलों पर पहले से ही इस प्रकार के ग्लास ब्रिज बनाए जा चुके हैं। योजना से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि इस ब्रिज के बनने से भेड़ाघाट को विश्व पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।

इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। पर्यटकों का भेड़ाघाट में ठहराव बढ़ेगा, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और राज्य के पर्यटन राजस्व में भी वृद्धि होगी।

उच्च गुणवत्ता का सुरक्षा ग्लास

पर्यटन विभाग के ईई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कांच के ब्रिज में जो ग्लास लगाया जा रहा है, वह उच्च गुणवत्ता वाला है। इससे नीचे का दृश्य स्पष्ट दिखाई देता है और यह पानी या घाटी जैसी कठिन जगहों पर निर्माण के लिए पूरी तरह उपयुक्त है।

पर्यटकों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

ग्लास ब्रिज के आसपास पार्किंग स्थल, टिकट काउंटर, पाथवे, व्यू प्वाइंट, कैंटीन सहित अन्य विकास कार्य भी किए जाएंगे। यहां आने वाले पर्यटकों को लगभग सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आसपास के क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

Back to top button