यहां देखें आयुर्वेद कॉलेजों की ग्रेड रेटिंग: शासकीय आयुर्वेद कॉलेज जबलपुर को सी ग्रेड

भोपाल। भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग (एनसीआईएसएम), आयुष मंत्रालय भारत सरकार नई दिल्ली ने सत्र 2025-26 में राजधानी भोपाल के पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद कॉलेज को आयुर्वेद कॉलेज अवार्ड ग्रेड रेटिंग बी प्रदान किया है। वहीं जबलपुर के शासकीय आयुर्वेद कॉलेज को सी ग्रेड दिया गया है। मंदसौर का निजी आयुर्वेद कॉलेज भंवरलाल नाहटा स्मृति आयुर्वेद – इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद मंदसौर को भी बी ग्रेड रेटिंग मिली है।

जारी सूची के अनुसार देशभर के निजी व शासकीय लगभग 600 से अधिक आयुर्वेद कॉलेजों में से 188 कॉलेजों को रेटिंग ग्रेड प्रदान किया गया है। इनमें 36 कॉलेजों को ए ग्रेड, 58 कॉलेजों को बी ग्रेड और 94 कॉलेजों को सी ग्रेड प्रदान किया गया। यह जानकारी आयुष मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय प्रवक्ता व निजी आयुर्वेद महाविद्यालय शिक्षक कल्याण संघ के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राकेश पांडेय ने दी।

डॉ. पांडेय ने संभावना जताई कि अभी और भी आयुर्वेद मेडिकल कॉलेजों को ग्रेड रेटिंग दी जा सकती है। सूची में मध्यप्रदेश के दो कॉलेजों को बी ग्रेड व चार को सी ग्रेड, उत्तरप्रदेश के तीन कॉलेजों को ए ग्रेड, 6 कॉलेजों को बी ग्रेड और 18 कॉलेजों को सी ग्रेड प्रदान किया गया। मध्यप्रदेश में सी ग्रेड की सूची में पाराशर आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज भोपाल, शासकीय आयुर्वेद कॉलेज जबलपुर, ओम आयुर्वेद कॉलेज बैतूल और विजयश्री आयुर्वेद कॉलेज जबलपुर शामिल हैं।

राज्यवार स्थिति

राज्यवार ए ग्रेड के अंतर्गत महाराष्ट्र के 12, राजस्थान के 2, केरल के 5, कर्नाटक के 6, गुजरात के 4, उत्तरप्रदेश के 3, तमिलनाडु, उत्तराखण्ड, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश के एक-एक कॉलेज शामिल हैं। बी ग्रेड रेटिंग के अंतर्गत उत्तरप्रदेश के 6, कर्नाटक के 17, मध्यप्रदेश के 2, हरियाणा के 4, महाराष्ट्र के 13, राजस्थान के 2, गुजरात के 1, पंजाब के 4, केरल के 4, तमिलनाडु के 2 तथा दिल्ली, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश के 1-1 कॉलेज शामिल हैं।

सी ग्रेड रेटिंग के अंतर्गत महाराष्ट्र के 22, राजस्थान के 2, उत्तराखण्ड के 4, कर्नाटक के 13, केरल के 4, पंजाब के 5, गुजरात के 5, उत्तरप्रदेश के 18, तमिलनाडु के 1, छत्तीसगढ़ के 3, पश्चिम बंगाल के 3, गोवा के 1, बिहार के 1, पॉण्डिचेरी के 1, तेलंगाना के 1, ओडिशा के 1, मध्यप्रदेश के 4, हरियाणा के 4 और जम्मू-कश्मीर के 1 आयुर्वेद कॉलेज शामिल हैं। इस प्रकार देशभर के कुल 188 आयुर्वेद मेडिकल कॉलेजों को ग्रेड रेटिंग दी गई है ताकि सीट बढ़ाने से लेकर पीजी प्रारंभ करने और अनुसंधान में सहायता मिल सके।

ग्रेड रेटिंग मिलना गौरवान्वित करता है

मध्यप्रदेश के 6 आयुर्वेद मेडिकल कॉलेजों को ग्रेड रेटिंग मिलना गौरवान्वित करने वाला क्षण है। संस्थानों के साथ-साथ निश्चित रूप से छात्रों, जूनियर डॉक्टर्स, चिकित्सक और चिकित्सा शिक्षकों को भविष्य में इसका लाभ मिलेगा।

– डॉ. राकेश पांडेय
राष्ट्रीय प्रवक्ता, आयुष मेडिकल एसोसिएशन

Back to top button