
पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिज़र्व में हथिनी अनारकली एक साथ दो मादा बच्चों को जन्म को जन्म देकर इतिहास रच दिया है। आमतौर पर हथिनी एक ही बच्चे को जन्म देती है, अभी तक ऐसे मामले सुनने में नहीं आए हैं। मालूम हो की इस टाइगर रिजर्व में बाघों के साथ-साथ हाथियों का कुनबा भी बढ़ रहा है। पन्ना टाइगर रिज़र्व के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी हथिनी ने तक़रीबन 3 घण्टे के अंतराल में दो बच्चों को जन्म दिया है। इन नन्हे मेहमानों के आने से पन्ना टाइगर रिज़र्व में खुशी का माहौल है। इन नये मेहमानों के आने के साथ ही पीटीआर में हाथियों का कुनबा बढ़कर 21 हो गया है।
न तो कहीं देखा और न ही सुना — डॉक्टर गुप्ता
पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि हथिनी अनारकली (57 वर्ष) ने शुक्रवार को दोपहर 2.20 बजे खैरईया में अपने पहले बच्चे को जन्म दिया। जन्म देने के उपरांत हथिनी नन्हे बच्चे को वहां से लेकर हिनौता हाथी कैम्प पहुंची और यहाँ पर शाम 5.50 बजे दूसरे बच्चे को जन्म दिया। दोनों नवजात बच्चे व मां पूरी तरह से स्वस्थ हैं। डॉ. गुप्ता ने बताया कि इसके पूर्व उन्होंने न तो कहीं देखा और न ही सुना कि किसी हथिनी ने एक साथ दो बच्चों को जन्म दिया है। पन्ना में यह अजूबा पहली बार देखने को मिला है।
हथिनी को दलिया, गुड, गन्ना तथा शुद्ध घी से निर्मित लड्डू खिलाये जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हथिनी व उसके नन्हे शिशु की समुचित देखरेख तथा विशेष भोजन की व्यवस्था की जा रही है। हथिनी को दलिया, गुड, गन्ना तथा शुद्ध घी से निर्मित लड्डू खिलाये जा रहे हैं ताकि दोनों नन्हे शिशुओं को पर्याप्त दूध मिल सके। हथनी व उसके शिशुओं की देखरेख व निगरानी के लिए स्टाफ की तैनाती की गई है। गौरतलब है कि पन्ना टाईगर रिजर्व में वनराज व गजराज दोनों के ही कुनबे में वृद्धि हो रही है, जो निश्चित ही प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से एक शुभ संकेत है।
पीटीआर में हाथियों का कुनबा
वर्तमान में पन्ना टाईगर रिजर्व के पास कुल 21 हाथी हो गये हैं, जिनमें से 05 नर एवं 16 मादा हांथी हैं। इनमें 11 वयस्क, 3 अर्द्ध वयस्क एवं 7 बच्चे सम्मिलित हैं।
सोनपुर के मेले से पन्ना लाई गई थी अनारकली
हथिनी अनारकली के पन्ना आने की भी दिलचस्प दास्तान है। बताया गया है क़ि 18 वर्ष की उम्र में हथिनी अनारकली को जून 1986 में सोनपुर के मेले से पन्ना लाया गया था। तभी से यह हथिनी पन्ना टाइगर रिज़र्व में हांथियों के कुनबे में शामिल है। पन्ना टाइगर रिज़र्व में तक़रीबन 39 वर्ष तक अपनी सेवाएं देने के साथ इस हथिनी ने हांथियों के कुनबे को बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अनारकली ने पन्ना टाइगर रिज़र्व में अब तक 6 बार बच्चों को जन्म दिया है। छठवीं बार इस हथिनी ने दो मादा बच्चों को जन्म देकर चर्चा में है।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा