Rani Durgavati University: एसआईटी के सामने पहुंचे रादुविवि के कुलगुरु

जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो राजेश कुमार वर्मा एसपी कार्यालय पहुंचे। वे वहां एसआईटी के सामने पेश हुए।
एसआईटी की टीम रादुविवि भी पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। एसआईटी ने प्रो. वर्मा को सोमवार को नोटिस दे दिया था। एसआईटी ने सीसीटीवी कैमरों व अन्य तथ्यों की पड़ताल की। टीम ने कुलसचिव डॉ. राजेन्द्र बघेल से भी सीसीटीवी फुटेज के संबंध में जानकारी ली।
मामले पर एक नजर
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो राजेश कुमार वर्मा पर विश्वविद्यालय की एक महिला कर्मचारी ने एक मीटिंग के दौरान अभद्र इशारा करने का आरोप लगाया था। इस मामले की शिकायत राजभवन, उच्च शिक्षा विभाग से की थी। महिला अधिकारी का आरोप था कि 21नवंबर को वीसी चेंबर में एक मीटिंग के दौरान अभद्र इशारे किए गए, जिसे वीसी चेंबर में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग में देखा जा सकता है।
शिकायत कर्ता महिला अधिकारी ने सीसीटीवी फुटेज को अहम सबूत बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन से फुटेज दिए जाने की मांग भी की थी। लेकिन जब लंबा समय बीत जाने के बाद भी ना तो जांच हुई और ना ही फुटेज मिले तो उक्त महिला अधिकारी ने एमपी हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करते हुए जांच कराए जाने की मांग रखी। कोर्ट में सुनवाई के दौरान जांच कमेटियों की रिपोर्ट पर सवाल खडे़ करते हुए डीजीपी को निर्देश दिए है कि एक एसआईटी गठित कर पूरे मामले की जांच करायी जाए। एसआईटी को 16 जून तक अपनी रिपोर्ट कोर्ट में प्रस्तुत करना है।

Back to top button