
जबलपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की श्रृंखला में बुधवार को नरसिंह मंदिर, शास्त्री ब्रिज का वातावरण वृंदावन और गोकुल की अनुपम छटा से सराबोर हो उठा। हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैया लाल की के उद्घोष के बीच सनातन धर्म महासभा, जबलपुर के तत्वावधान में भव्य लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों की भक्ति, कला और सौंदर्यबोध का अद्भुत संगम देखने को मिला।
प्रतियोगिता में 108 से अधिक श्रृंगारित लड्डू गोपाल के विग्रह प्रस्तुत किए गए। झूला झूलते मुरली मनोहर, मोरपंख धारण किए कान्हा, कदंब की डाली पर बैठे कन्हैया, वसुदेव की गोद में शेषनाग की छाया में विराजमान बाल कृष्ण—हर स्वरूप में अद्वितीय सजावट और गहरी श्रद्धा झलक रही थी। रंग-बिरंगे फूल, मोतियों के हार, रेशमी वस्त्र और झिलमिलाती रोशनियों से पूरा मंदिर परिसर एक जीवंत आध्यात्मिक संसार बन गया।
कार्यक्रम में श्रीमद् जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉक्टर स्वामी नरसिंह दास जी महाराज के सानिध्य में लड्डू गोपाल की पूजन-अर्चन एवं आरती की गई। इस अवसर पर श्याम साहनी, गिरिराज चाचा, नीता चावला, अंजू भार्गव, नम्रता भाटिया, सोनल सेठी, रूचि गुलाटी, नंदिता महाजन, रजनी यादव, आभा साहू, कविता दुबे, सुनीता विष्णु पटेल, सुनिधि प्रशांत, पूजा प्रवेश खेड़ा, गीता जगदीश साहू, मुस्कान सृजन, गीता पांडे, मीरा दुबे, शरद काबरा, के के बस्सी, विध्येश भापकर सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
निर्णायक मंडल में सुनिति माहेश्वरी, कृष्णाकांति पांडे और कुसुम अग्रवाल ने भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर श्रीजन कुशवाहा, द्वितीय पर हर्षिता पाठक, तृतीय पर पुष्पा झरिया रहीं। सांत्वना पुरस्कार जया गुप्ता, आयरा केसरवानी और स्वाति पांडे को मिला। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया, जबकि विजेताओं को विशेष रूप से 17 अगस्त को शहीद स्मारक, गोलबाजार में ‘कान्हा की बांसुरी’ कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
14 को दोपहर 2 बजे निकलेगी विशाल सनातन तिरंगा यात्रा
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 15 अगस्त को श्री सनातन धर्म महासभा के तत्वावधान में विशाल सनातन तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह स्कूटर रैली श्री नरसिंह मंदिर, शास्त्री से दोपहर 2 बजे प्रारंभ होगी, जिसे भगवाध्वज के साथ श्रीमद् जगतगुरु नरसिंह देवाचार्य जी महाराज एवं अन्य संत रवाना करेंगे।
यात्रा का मार्ग—नरसिंह मंदिर शास्त्री से श्री सनातन धर्म चौक, तीन पट्टी चौक, मालवीय चौक, करमचंद चौक, नौद्र पुल, साल चौक, स्टेशन रोड, गोरखपुर बाजार होते हुए पुनः नरसिंह मंदिर पर समाप्त होगा।
अध्यक्ष श्याम साहनी, अशोक मनोध्याय, गुलशन माखीजा, अंशुल मलिक और जतिन नारंग ने बताया कि इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं युवा भाग लेंगे और राष्ट्रीय ध्वज व भगवा पताकाओं के साथ देशभक्ति और सनातन संस्कृति का संदेश देंगे।