
जबलपुर। जबलपुर के शुक्रवारी बजरिया हनुमान ताल क्षेत्र में सकल तारण तरण दिगंबर जैन समाज द्वारा मां जिनवाणी की आराधना को समर्पित श्री तारण तरण दिगंबर जैन चैत्यालय का निर्माण किया गया। इस अवसर पर तीन दिवसीय रत्नत्रय महोत्सव वेदी प्रतिष्ठा, जिनवाणी आस्थास्प, कलशारोहण, वेदी सूतन एवं तिलक महोत्सव सहित विविध धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ऐतिहासिक रूप से सानंद संपन्न हुआ।

वेदी सूतन एवं तिलक महोत्सव का आयोजन
महोत्सव के मीडिया प्रभारी दीपक राज जैन ने बताया कि मंगल महोत्सव में वेदी सूतन कर्ता बनने का सौभाग्य जिनशासन सेवक रामडिम मूरी परिवार को प्राप्त हुआ। उनके मंगल आमंत्रण पर युवा रत्न बाल ब्रह्मचारी आत्मानंदजी, बाल ब्रह्मचारी धर्मेंद्र भैया, ब्रह्मचारी भाई-बहन साधकों सहित प्रतिष्ठाचार्य पं. महेशकुमार जैन बटियागढ़, पं. अशोक जैन भोपाल, पं. मुकेश जैन राजनगर, सह-प्रतिष्ठाचार्य पं. सम्यक जैन एवं पं. अर्जव जैन गंज बासौदा सहित देशभर से बड़ी संख्या में गुरुभक्त श्रावक-श्राविकाएं सम्मिलित हुए और धर्माराधना की।

मंत्रजप और विधि-विधान से संपन्न हुई पूजा
रविवार की मंगल बेला में सभी वेदी सूतन कर्ता जोड़ों सहित बालक-बालिकाओं ने मंत्रजप कर ध्यान सामायिक में हिस्सा लिया। इसके पश्चात समवशरण मंडप से चैत्यालय की ओर प्रस्थान किया गया, जहां विधि-विधान पूर्वक वेदी सूतन कर आनंदोत्सव मनाया गया। तिलक मंदिर विधि में वीतरागी देव-शास्त्र-गुरु भगवंतों की भाव पूजन कर महोत्सव की पूर्णता की घोषणा की गई।

देशभर से पहुंचे श्रद्धालु और साधक
मंगल महोत्सव में मेला नायक बनने का सौभाग्य महेंद्रकुमार, सुरेंद्र कुमार, प्रशांत, डॉ. निशांत, विक्रांत, शशांक जैन समस्त पुष्पजी परिवार जबलपुर, सागर, नागपुर, भोपाल को प्राप्त हुआ। संगीत के माध्यम से धर्म प्रभावना में संगीतकार नंदन जैन, सचिन जैन छिंदवाड़ा, अंकित समैया, रागनी जैन एवं अनिमेष जैन जबलपुर ने अध्यात्म की गंगा प्रवाहित की।
दीपक राज जैन, नितिन जैन एवं भूपेंद्र जैन तारण टीवी ने मीडिया दायित्व का सफल निर्वहन कर जिनशासन की प्रभावना की।
सहयोगियों का माना आभार
मंगल महोत्सव को सफल और यादगार बनाने में सकल तारण समाज, युवा परिषद, महिला मंडल, बालिका मंडल सहित सम्माननीय मीडिया, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, यातायात विभाग एवं नगर निगम का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। आयोजक रामडिम मूरी परिवार तथा ट्रस्ट अध्यक्ष सतीश समैया, शरद समैया पुखराज, सीए राहुल जैन, राजू परासिया, मनोज मंटू कुंडा वाले, पं. संतोष जैन भाईजी, जतिन समैया, प्रियंक समैया एवं राजेश दिगंबर ने सभी का आभार व्यक्त किया।