जबलपुर में बारिश से घरों में भरा पानी, जनता हलाकान, नगर निगम की तैयारियों की खुली पोल

लोगों ने कहा- सड़क निर्माण में की गई लापरवाही

जबलपुर। शहर में गुरुवार सुबह से हुई तेज बारिश ने एक बार फिर नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है। महानगर बनने का सपना देख रहे जबलपुर की सड़कों और बस्तियों में जल भराव से जनता बेहाल है।

राधाकृष्ण वार्ड और ठक्करग्राम वार्ड के बीच स्थित सिंधी कैंप सिद्ध बाबा मुख्य मार्ग पर बारिश का पानी इस कदर भर गया कि कई घरों में पानी घुस गया। नागरिकों का आरोप है कि सड़क निर्माण में भारी लापरवाही की गई है।

ऊंची सड़क बनी मुसीबत

स्थानीय लोगों के अनुसार, सिद्ध बाबा मार्ग पर महज 10 दिन पहले ही नई सड़क बनी है, जिसे जरूरत से कहीं अधिक ऊंचा बना दिया गया। इससे आसपास के घर नीचे रह गए और पानी का बहाव सीधे घरों की ओर हो गया। ऊपर से नालियों की सफाई न होने के कारण पानी ने नाले की जगह घरों का रास्ता पकड़ लिया।

लोगों ने बताया कि बारिश से पहले नाले और नालियों की सफाई बिल्कुल नहीं कराई गई थी। टैक्स वसूलने अधिकारी जरूर आ जाते हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाएं देना नगर निगम भूल गया है।

गढ़ा, शिवनगर, रानीपुर, रामनगर में हालात बिगड़े

गुरुवार सुबह की बारिश के बाद गढ़ा शिवनगर, रानीपुर, रामनगर, विजयनगर, अधारताल और सिविक सेंटर जैसे कई क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। खासकर शिवनगर और रामनगर की गलियों में पानी भरने से लोग घरों से निकल ही नहीं पाए।

सिविक सेंटर जैसे प्रमुख स्थल पर जल जमाव से दुकानदारों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं अधारताल क्षेत्र में स्कूलों के पास जलभराव से बच्चों को स्कूल जाने में कठिनाई हुई।

रामपुर-ग्वारीघाट रोड पर सड़क क्षतिग्रस्त

रामपुर चौराहे से लेकर ग्वारीघाट रोड तक जल सप्लाई लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है, जिसके चलते एक तरफ की सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इससे दोपहिया और चौपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

साईं मंदिर के पास तो सड़क इस कदर धंस गई है कि वहां हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। इस मार्ग पर पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से त्वरित मरम्मत और वैकल्पिक रास्तों की मांग की है।

Back to top button