पीएम मोदी ने कहा- स्‍पेशल स्‍ट्रैटेजिक एंड ग्‍लोबल पाटर्नशिप में नए अध्‍याय की रखी मजबूत नींव

जापान में पीएम मोदी का गर्मजोशी से स्‍वागत

टोक्यो, जापान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जापान दौरे का आज विशेष महत्व रहा। टोक्यो पहुंचने पर उनका पारंपरिक गायत्री मंत्रोच्चार के साथ भारतीय नृत्‍य भरतनाट्यम से भव्य स्वागत किया गया। इसके अलावा राजस्‍थानी भजन भी सुनाया गया। इस अवसर पर भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस दौरान पीएम मोदी का जापान के प्रधानमंत्री के साथ संयुक्‍त प्रेस रिलीज जारी हुआ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “मैं प्रधानमंत्री इशिबा को उनके आत्मीय शब्दों और गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद देता हूं। आज हमारी चर्चाएं उपयोगी और उद्देश्यपूर्ण रहीं। हम दोनों इस बात पर सहमत हुए कि दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं और जीवंत लोकतंत्रों के रूप में हमारी साझेदारी न केवल हमारे दोनों देशों के लिए, बल्कि वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।”

जापान की राजधानी टोक्‍यो में भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

सुनहरे अध्‍याय की मजबूत नींव

पीएम ने कहा कि आज हमने अपनी स्‍पेशल स्‍ट्रैटेजिक एंड ग्‍लोबल पाटर्नशिप में एक नए और सुनहरे अध्‍याय की मजबूत नींव रखी है। हमने अगले दशक के लिए एक रोडमैप बनाया है। हमारे विजन के केंद्र में इंवेस्‍टमेंट, इनोवेशन, इकोनॉमिक, सिक्योरिटी, एनवार्यमेंट, टेक्‍नॉलाजी, हेल्‍थ, मोबिलिटी, यह बातें प्रमुख हैं।हमने अगले दस वर्षों में जापान से भारत में 10 ट्रिलियन येन निवेश का लक्ष्‍य निर्धारित किया है।भारत और जापान के स्‍मॉल और मीडियम एंटरप्राइजेस और स्‍टार्टअप्‍स को जोड़ने पर विशेष ध्‍यान दिया जा रहा है। हमारा ज्‍वाइंट क्रेडिट मेकेनिज्‍म ऊर्जा के लिए बड़ी जीत है। हम इकोनॉमिक सिक्‍योरिटी कोआपरेशन इनिशिएटिव लॉंच कर रहे हैं। हम दोनों की प्रायरिटी हाई टेक्‍नॉलॉजी के क्षेत्र में सहयोग है।

पीएम मोदी ने कहा कि चंद्रयान-5 मिशन में सहयोग के लिए इसरो और JAXA में सहमति बनी है जिसका हम स्‍वागत करते हैं। इसके अलावा हृयूमेन रिसोर्स एक्‍सचेंज के एक्‍शन प्‍लान के तहत अगले पांच वर्षों में अलग-अलग क्षेत्रों में दोनों ओर से पांच लाख लोगों के आदान प्रदान को प्रोत्‍साहन दिया जाएगा।

कई समझौतों का आदान-प्रदान

टोक्यो में प्रधानमंत्री मोदी और जापानी प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा की उपस्थिति में भारत और जापान के बीच कई समझौतों का आदान-प्रदान हुआ। इन समझौतों से दोनों देशों के बीच आर्थिक, रणनीतिक और सांस्कृतिक सहयोग को और मजबूती मिलेगी।

स्मरणीय स्वागत

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर भी इस स्वागत को यादगार बताते हुए लिखा, “Today’s welcome in Tokyo was memorable. Here are the highlights…”।

भारत यात्रा का आमंत्रण

पीएम मोदी ने जापान के पीएम ईशिबा को अगली एन्‍युल समिट के लिए भारत यात्रा का आमंत्रण दिया।

भारत-जापान साझेदारी का महत्व

भारत और जापान लंबे समय से एशिया और विश्व में सहयोगी भागीदार रहे हैं। दोनों देशों के बीच आर्थिक निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को लेकर गहरे संबंध हैं। प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री इशिबा की यह मुलाकात भविष्य के लिए नई दिशा तय करने वाली मानी जा रही है।