
जबलपुर। प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले जबलपुर लोकसभा क्षेत्र के 15 छात्र-छात्राएं बुधवार को दिल्ली के शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना हुए। यह यात्रा सांसद आशीष दुबे की ओर से शुरू की गई पहल ‘सांसद दिल्ली दर्शन’ के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। विद्यार्थी गोंडवाना एक्सप्रेस से अपने शिक्षकों के साथ नई दिल्ली के लिए रवाना हुए।
प्रतियोगिताओं के प्रदर्शन के आधार पर हुआ चयन
इस यात्रा के लिए विद्यार्थियों का चयन सांसद स्तर पर आयोजित वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। कार्यक्रम में सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों को समान अवसर देने के उद्देश्य से दोनों वर्गों की बराबर भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
इन स्कूलों के विद्यार्थी यात्रा में शामिल
पहले दल में पं. लज्जा शंकर झा शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ब्यौहारबाग, सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आधारताल, क्राइस्ट चर्च डायोसेसन स्कूल घमापुर और सेंट गैब्रियल स्कूल रांझी के विद्यार्थी शामिल हैं। विद्यार्थियों के साथ संबंधित विद्यालयों के पांच प्रभारी शिक्षक भी रहेंगे।
लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को समझेंगे विद्यार्थी
दिल्ली में विद्यार्थियों के लिए संसद भवन, राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री संग्रहालय और राष्ट्रीय समर स्मारक सहित कई प्रमुख स्थानों के भ्रमण का कार्यक्रम है। यात्रा के दौरान उन्हें देश की शासन व्यवस्था, लोकतांत्रिक संस्थाओं और राष्ट्रीय इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रत्यक्ष रूप से जानने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार, ऐसे भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान को बढ़ाने के साथ उन्हें देश के लोकतांत्रिक ढांचे और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है।
26 सितंबर को होगा विशेष कार्यक्रम
दिल्ली में 26 सितंबर को चयनित विद्यार्थियों के सम्मान के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सांसद आशीष दुबे इस दौरान विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे। प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो और गिफ्ट हैंपर देकर सम्मानित किया जाएगा।
विद्यार्थियों के हाथों वेबसाइट का होगा शुभारंभ
इसी अवसर पर विद्यार्थियों के हाथों जबलपुर की जनता के लिए सांसद आशीष दुबे की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ भी कराया जाएगा। यात्रा के दौरान विद्यार्थियों के ठहरने, भोजन और स्थानीय आवागमन की व्यवस्थाओं का प्रबंधन सांसद कार्यालय की टीम द्वारा किया जाएगा।
सांसद ने विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
सांसद आशीष दुबे ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दिल्ली भ्रमण विद्यार्थियों के लिए केवल यात्रा नहीं, बल्कि देश की संस्थाओं, इतिहास और लोकतांत्रिक व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर है।