
जबलपुर। कैंट विधानसभा क्षेत्र के महर्षि सुदर्शन वार्ड क्रमांक 64 में सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। नगर कांग्रेस कमेटी के ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने नंगे पांव पदयात्रा निकालकर सड़क की स्थिति की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
पदयात्रा की शुरुआत बजरंग नगर झंडा चौक से हुई और यह किशन होटल तक पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने बजरंग नगर से किशन होटल तक सड़क के पुनर्नवीनीकरण की मांग उठाई। इसके साथ ही रांझी नगर निगम संभागीय अधिकारी को हटाने की मांग भी ज्ञापन के माध्यम से रखी गई।
नंगे पांव पदयात्रा कर जताया विरोध
कार्यक्रम नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा और अभिषेक चिंटू चौकसे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। पदयात्रा का नेतृत्व महर्षि सुदर्शन वार्ड के मंडलम अध्यक्ष विजेंद्र तिवारी ने किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की सड़क लंबे समय से खराब स्थिति में है। सड़क की बदहाली के कारण स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर कार्यकर्ताओं ने नंगे पांव चलकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया।
नगर निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
पदयात्रा समाप्त होने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इसमें बजरंग नगर से किशन होटल तक सड़क की मरम्मत और नवीनीकरण कराने की मांग की गई। इसके अलावा वार्ड में सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की मांग भी रखी गई।
कार्यक्रम में शहर आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष धीरेन्द्र संजू ठाकुर, नगर सचिव सोनू गुप्ता, गोविंद चौधरी, नारायण गुप्ता, मनीष बेन, अतुल चौधरी, बम्बईया रजक, श्यामसुंदर कोरी, राकेश चक्रवर्ती, सुनील सराठे, बाबू समुद्र, मधु चौधरी, फागू गोटिया, धर्मेंद्र पटेल, राजेश पटेल, सोमवारू कोल, थॉमस पाल, तेजीलाल वंशकार, कपिल वंशकार, अनिल अग्रवाल, अनुपमा विश्वकर्मा, भगवती भूमिया, अंजली तिवारी और मनीषा सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।