
जबलपुर। कैंट क्षेत्र में नागरिकों और व्यापारियों से जुड़ी लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर शनिवार को कैंट विधायक अशोक रोहाणी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कैंट बोर्ड अध्यक्ष (ब्रिगेडियर) से मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर मांग-पत्र सौंपा गया और उनके निराकरण के लिए ठोस एवं समयबद्ध कदम उठाने की मांग की गई।
व्यापारियों और पथ विक्रेताओं की समस्याओं का मुद्दा उठाया
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैंट क्षेत्र में छोटे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं के सामने आने वाली समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाना चाहिए। किसी भी कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को नियमानुसार अवसर देने और अनावश्यक रूप से किसी को निशाना नहीं बनाने की मांग भी रखी गई। साथ ही विकास कार्यों से जुड़े फैसलों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
खराब सड़कों और रजिस्ट्री का मुद्दा प्रमुख
बैठक में कैंट की जर्जर सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर चिंता जताई गई। आगामी त्योहारों को देखते हुए सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की गई। रामलीला मैदान का दूसरा प्रवेश द्वार खोलने तथा संपत्तियों की रजिस्ट्री से संबंधित प्रतिबंधों की समीक्षा कर नियमानुसार राहत देने की मांग भी सामने रखी गई।
व्यापारियों ने कैंट बोर्ड की दुकानों के किराये में हुई वृद्धि की समीक्षा, लाइसेंस और नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा नामांतरण शुल्क में आवश्यक सुधार की मांग की। वर्ष 2027 के प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर सदर बाजार के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के साथ पहले चर्चा करने की बात भी कही गई।
कर्मचारियों की सुविधाओं और मंडी कार्रवाई पर भी चर्चा
प्रतिनिधिमंडल ने कैंट बोर्ड के कर्मचारियों, दैनिक वेतनभोगी शिक्षकों, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के वेतन एवं अन्य सुविधाओं का विषय भी उठाया। पीएफ सहित कर्मचारियों के लंबित भुगतान नियमानुसार किए जाने तथा उपस्थिति और वेतन व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग की गई।
इसके अलावा सब्जी मंडी में हाल ही में हुई कैंट बोर्ड की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए गए। प्रतिनिधिमंडल ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि जांच में नियमों की अनदेखी या किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
ये लोग रहे मौजूद
बैठक में सुंदर अग्रवाल, संजय जैन, आशीष राव, अजय पदम, ज्योति रेड्डी, गोविन्द यादव, विजय पटेल, संजय कपूर, हरीश केशवानी, सतीश अग्रवाल और डॉ. अजय वाधवानी सहित कैंट क्षेत्र के व्यापारी, जनसेवक एवं नागरिक मौजूद रहे।