
भोपाल। भारत सरकार के सहयोग से द आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा “नशा मुक्त भारत” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राष्ट्रव्यापी 14-दिवसीय निःशुल्क ऑनलाइन योग एवं नशा मुक्त भारत शपथ अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा योग, प्राणायाम, ध्यान और तनाव प्रबंधन के माध्यम से स्वस्थ, सकारात्मक एवं नशामुक्त जीवनशैली के प्रति लोगों को प्रेरित करना है।
14 दिनों तक ऑनलाइन अभियान
यह अभियान 5 अक्टूबर 2026 से लगातार 14 दिनों तक ऑनलाइन आयोजित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं तनाव प्रबंधन जैसी प्रभावी विधियों से परिचित कराया जाएगा। अभियान के समापन अवसर पर विशेष “Pledge Day” आयोजित कर अधिक से अधिक नागरिकों को “नशा मुक्त भारत” की ई-शपथ से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मध्यप्रदेश में अधिकतम जनभागीदारी के निर्देश
मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने 6 अक्टूबर 2026 को प्रदेश के सभी संयुक्त संचालकों एवं उप संचालकों को निर्देश जारी कर अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार तथा अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है।
शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों को जोड़ने पर जोर
शासन द्वारा जिलों में संबंधित विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, स्थानीय निकायों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा नशामुक्ति के क्षेत्र में कार्यरत संगठनों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से बच्चों, युवाओं, विद्यार्थियों, शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को ऑनलाइन योग सत्रों तथा “नशा मुक्त भारत” ई-शपथ में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
योग और ध्यान से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
आर्ट ऑफ लिविंग का मानना है कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल नशे से दूरी बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यक्ति को मानसिक रूप से सशक्त, तनावमुक्त और भीतर से प्रसन्न बनाना भी आवश्यक है। योग, प्राणायाम और ध्यान व्यक्ति को अपने मन एवं भावनाओं को बेहतर ढंग से संभालने की क्षमता प्रदान कर सकते हैं और स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
देशभर के नागरिकों से जुड़ने की अपील
आर्ट ऑफ लिविंग ने मध्यप्रदेश सहित देशभर के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा शासकीय एवं गैर-शासकीय संस्थाओं से इस निःशुल्क राष्ट्रव्यापी अभियान में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील की है। अभियान के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
ऑनलाइन पंजीयन के लिए लिंक
अभियान में भाग लेने के इच्छुक नागरिक ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।
अभियान में पंजीयन के लिए यहां क्लिक करें
आइए, योग को जीवन का हिस्सा बनाएं और मिलकर संकल्प लें— “स्वस्थ व्यक्ति, सशक्त समाज और नशा मुक्त भारत।”