Jabalpur News: हुनर के साथ आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं छात्राएं

कुकिंग-बेकिंग प्रशिक्षण पूरा, छात्राओं को दिए प्रमाण-पत्र

जबलपुर। पढ़ाई के साथ व्यावहारिक कौशल विकसित करने की दिशा में पंडित राम शंकर बन्नीलाल पाठक शासकीय महाविद्यालय, बरेला में छात्राओं को कुकिंग और बेकिंग का प्रशिक्षण दिया गया। स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण में छात्राओं ने अलग-अलग व्यंजन और बेकरी उत्पाद तैयार करने की विधियां सीखीं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद समापन कार्यक्रम आयोजित कर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

डिग्री के साथ व्यावहारिक कौशल भी जरूरी

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा विभाग के क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक डॉ. अलकेश चतुर्वेदी ने कहा कि आज के दौर में विद्यार्थियों के लिए डिग्री के साथ किसी व्यावहारिक कौशल में दक्ष होना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कुकिंग और बेकिंग जैसे क्षेत्रों में प्रशिक्षण लेकर युवा नौकरी तलाशने के बजाय स्वरोजगार की दिशा में भी कदम बढ़ा सकते हैं।

नियमित अभ्यास और मेहनत से मिलेगा बेहतर परिणाम

संभागीय मार्गदर्शक प्रो. अरुण शुक्ल ने प्रशिक्षण को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि किसी भी हुनर में बेहतर परिणाम के लिए नियमित अभ्यास और मेहनत जरूरी है। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें उद्यमिता के लिए भी तैयार करते हैं।

छात्राओं ने सीखी कुकिंग-बेकिंग की तकनीकें

प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. ऋतु श्रीवास्तव के निर्देशन में श्रीमती सीमा शुक्ला और कुमारी आयुषी गुप्ता ने प्रशिक्षणार्थियों को कुकिंग-बेकिंग की तकनीकों का अभ्यास कराया। छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि प्रशिक्षण से उन्हें नए व्यंजन बनाने के साथ इस क्षेत्र में रोजगार और व्यवसाय शुरू करने की संभावनाओं को समझने का अवसर मिला।

प्रशिक्षणार्थियों को वितरित किए प्रमाण-पत्र

समापन अवसर पर प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। डॉ. अजीत राय ने आभार माना। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।