अहमदाबाद विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन

242 यात्रियों में 56 ब्रिटिश और 6 पुर्तगाली नागरिक भी सवार

अहमदाबाद। शहर में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला विमान हादसा हुआ, जब एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर उड़ान भरते समय रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया। वे लंदन में अपनी बेटी और पत्नी से मिलने जा रहे थे।

दुर्घटना के समय विमान में कुल 242 यात्री सवार थे, जिनमें 56 ब्रिटिश और 6 पुर्तगाली नागरिक भी शामिल थे। विमान जैसे ही एयरपोर्ट की दीवार से टकराया, पूरा इलाका धुएं के गुबार से ढक गया। राहत व बचाव कार्य तुरंत शुरू हुआ, लेकिन भारी नुकसान की खबरें आ रही हैं।

विजय रूपाणी: समर्पित जननेता

विजय रूपाणी भारतीय जनता पार्टी के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे। 2 अगस्त 1956 को म्यांमार (रंगून) में जन्मे रूपाणी के पिता वहां व्यवसाय करते थे, लेकिन चार साल की उम्र में ही उनका परिवार राजकोट लौट आया। यहीं से उन्होंने शिक्षा प्राप्त की और यहीं से उनके राजनीतिक जीवन की नींव रखी गई।

युवावस्था में ही राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रभावित होकर उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ाव बनाया और छात्र राजनीति में कदम रखा। वर्ष 1971 में जनसंघ से जुड़ने के बाद वह पार्टी के साथ लगातार सक्रिय रहे। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना पर उन्होंने तुरंत सदस्यता ग्रहण की और पार्टी के आधार स्तंभ बनकर उभरे।

मुख्यमंत्री पद तक का सफर

रूपाणी ने वर्ष 2014 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीता। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए वर्ष 2016 में उन्हें आनंदीबेन पटेल की जगह गुजरात का मुख्यमंत्री बनाया। उनका कार्यकाल विकास और संगठन मजबूती के लिहाज से यादगार रहा।

पूरे गुजरात में शोक की लहर

पूर्व मुख्यमंत्री के निधन की खबर से पूरे गुजरात में शोक की लहर दौड़ गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन और राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। प्रधानमंत्री, गृह मंत्री सहित देशभर के नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।