Jabalpur News: वारी यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं को संस्कृति से जोड़ना

जबलपुर। कान्यकुब्ज सभा भवन चेरीताल में आयोजित चक्रीय आरती, हरिनाम संकीर्तन और विठ्ठल वारी यात्रा महोत्सव के माध्यम से जबलपुर में सनातन संस्कृति की दिव्यता का प्रसार किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ना रहा। धार्मिक सांस्कृतिक विरासतों की जानकारी, शोभायात्रा और समर्पण भाव से किया गया यह आयोजन आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने वाला सिद्ध हो रहा है।

श्रीहरि विठ्ठल के दर्शन के लिए पंढरपुर (महाराष्ट्र) में संत महात्माओं की पालकियों की यात्रा देवशयनी एकादशी को पंढरपुर पहुंचती है। उसी तर्ज पर आषाढ़ी कार्तिकी वारी महामंडल जबलपुर द्वारा विगत 10 वर्षों से विठ्ठल वारी यात्रा निकाली जाती है। इस वर्ष यह यात्रा 5 जुलाई को सायं 4 बजे दत्त मंदिर गोलबाजार से विठ्ठल रखुमाई मंदिर हनुमान ताल तक निकाली जाएगी।

हरिनाम संकीर्तन यात्रा और चक्रीय आरती के क्रम में सरस्वती कॉलोनी चेरीताल में भ्रमण करते भक्तों ने संकीर्तन किया। विठ्ठल विठ्ठल विठ्ठला हरि ॐ विठ्ठला, पांडुरंग हरि वासुदेव हरि, राधे श्याम राधे श्याम, सीताराम सीताराम जैसे मंत्रों के उच्चारण के साथ ढोल-मंजीरा-झांझ की मधुर ध्वनि और मराठी परंपरागत भक्ति भाव से पीले वस्त्रों में सजे वारकरी भक्तों ने भक्तिरस की धारा बहाई।

आषाढ़ी कार्तिकी वारी महामंडल द्वारा प्रतिवर्ष निकाली जाने वाली हरिनाम संकीर्तन यात्रा प्रतिभा भापकर के निवास सरस्वती कॉलोनी से नगर भ्रमण करते हुए निकली। चक्रीय आरती का आयोजन कान्यकुब्ज सभा भवन, परिजात बिल्डिंग, सरस्वती कॉलोनी चेरीताल में संपन्न हुआ।

इस संकीर्तन यात्रा में प्रमुख रूप से डॉ. स्वाति सदानंद गोडबोले, पार्षद सोनिया रंजीत सिंह, पार्षद प्रतिभा विध्येश भापकर, आभा रानडे, आशा सोलंकी, वर्षा दांडेकर, माधवी जाधव, नेहा, अरूणा फाटक, अनीता प्रशांत गुप्ता, संगीता राजेन्द्र व्यौहार, तेजश्री मनीष नाजवाले, प्रेरणा हेमंत पोहरकर, रंजना भास्कर वर्तक, राधवेंद्र यादव, सत्य प्रकाश सराफ, देवव्रत सोनी, डॉ. एच पी तिवारी, प्राजक्ता प्रवीण विप्रदास, निधि अभय सवडतकर, सुशील जाधव, संतोष गोडबोले, विध्येश भापकर समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों की उपस्थिति रही।

अगला आयोजन 27 जून 2025 को सायं 6 बजे से दुर्गा मंदिर, त्रिमूर्ति नगर कॉलोनी में आयोजित किया जाएगा।

Back to top button