
पन्ना। अंतर्राष्ट्रीय शरदपूर्णिमा महोत्सव के उपलक्ष्य में सात दिवसीय निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। 2 अक्टूबर विजयदशमी के दिन सुबह 10:00 बजे शिविर का उद्घाटन हुआ।
मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर आरपी तिवारी व श्री प्राणनाथ जी मंदिर के पुजारीगण, ट्रस्ट के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, ट्रस्टीगण, पूर्व ट्रस्ट के पदाधिकारी, सभी कार्यसेवकों, पार्षद राखी अल्पेश शर्मा एवं सुन्दरसाथ की उपस्थिति में प्रारंभिक स्तुति एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ शिविर शुरू हुआ।

चिकित्सा शिविर में खजुराहो सांसद बीडी शर्मा, पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मीना पांडे भी पहुंचे जहां मंदिर के ट्रस्टियों एवं कार्य सेवकों द्वारा उनका स्वागत किया गया।
निशुल्क स्वास्थ्य स्वास्थ्य शिविर के संबंध श्री प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के पूर्व सचिव राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि 10 दिवसीय चलने वाले अंतर्राष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव में देश-विदेश से हजारों लोग शिरकत करने पन्ना आते हैं, जिसमें बच्चे बुजुर्ग, महिलाएं भी शामिल रहते हैं।
बाहर से आए हुए श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य संबंधी कोई तकलीफ ना हो, इसीलिए त्वरित निदान के लिए सात दिवसीय निशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं जांच शिविर का आयोजन श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर के गेट नंबर 2 के पास किया गया है।

“तुम सेवा से पाओगे पार”
प्रणामी संप्रदाय में सेवा का बहुत महत्व बताया गया है। महामति श्री प्राणनाथ जी की वाणी “तुम सेवा से पाओगे पार” के तहत धामी सेवा – जगनी कार्य सेवक संघ श्री 5 पद्मावती पुरी धाम पन्ना के कार्य सेवको श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के संरक्षण में उक्त कार्य किया जा रहा है।
शिविर में उपलब्ध निशुल्क जांच सुविधा
निशुल्क चिकित्सा परामर्श एवं जांच शिविर में हृदय एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच ( बीपी एवं शुगर), किडनी एवं पथरी की प्रारंभिक जांच, चर्म रोगों की जांच, स्त्री रोग परामर्श एवं जांच, शिशु रोगों का परामर्श आदि जांच की सुविधा दी जा रही है। 5 अक्टूबर को अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम जिसमें डॉ.पुष्पेंद्र सिंह, डॉ.अयाचित केसरवानी, डॉ.अर्पिता सिंह, डॉ.कुमारी दिव्या, डॉ.अमित कुमार सिंह अपनी सेवाएं देंगे।
पंजीयन यहां कराएं
स्वास्थ्य सेवा में पंजीयन हेतु संपर्क करें श्री राज पैथोलॉजी पंचम सिंह चौराहे के पास पन्ना या दो संस्कार शर्मा के मोबाइल नंबर 9993326997 पर भी पंजीयन कराया जा सकता है।