
जबलपुर। विश्व की सबसे बड़ी समाजसेवी संस्था “रोटरी इंटरनेशनल” की दो दिवसीय डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस “संगम मित्रों का” का शुभारंभ 20 दिसंबर से रायपुर में होगा। छह वर्ष के अंतराल के बाद रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 को पुनः वार्षिक डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस आयोजित करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
तैयारियों को दिया गया भव्य स्वरूप
इस आयोजन को गरिमामय स्वरूप प्रदान करने के लिए सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। ओमाया गार्डन को रोटरी डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस के लिए रोटरी थीम के अनुसार अत्यंत आकर्षक एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है। कार्यक्रम में शामिल होने देश के विभिन्न प्रांतों के 1100 से अधिक रोटरी सदस्य सपत्निक रायपुर पहुंच रहे हैं, जिनका आगमन 19 दिसंबर की प्रातः से प्रारंभ हो गया है।
20 दिसंबर को होगा भव्य उद्घाटन
रोटरी क्लब धमतरी के तत्वावधान में एवं रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे अमित जायसवाल एवं प्रथम महिला रोटे पल्लवी जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस कॉन्फ्रेंस का भव्य शुभारंभ 20 दिसंबर को प्रातः 11 बजे से होगा।
उद्घाटन समारोह में डॉ. रमन सिंह (अध्यक्ष विधानसभा, छत्तीसगढ़), पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे विवेक तन्खा (राज्यसभा सांसद), समस्त पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं डिस्ट्रिक्ट के वरिष्ठ रोटेरियन सदस्य उपस्थित रहेंगे।
कॉन्फ्रेंस की जानकारी मीडिया से साझा
कॉन्फ्रेंस की विस्तृत जानकारी डिस्ट्रिक्ट मीडिया चेयरमेन रोटे नितिन जैन एवं को-चेयरमेन रोटे पंकज माहेश्वरी द्वारा मीडिया को प्रदान की गई।
रोचक व प्रेरक प्रस्तुतियां रहेंगी आकर्षण
दो दिवसीय आयोजन को ऐतिहासिक, रोचक एवं मनोरंजक बनाने के उद्देश्य से इंडिया गोट टैलेंट के कलाकारों का समूह अपनी प्रस्तुतियां देगा। इसके साथ ही भविष्य की तकनीक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर विशेष वक्ता के रूप में केरल निवासी 16 वर्षीय मास्टर राउल जॉन को विशेष रूप से रायपुर आमंत्रित किया गया है।
वहीं प्रथम दिन शाम 4 बजे से प्रेरक वक्ता सोनू शर्मा उपस्थित रोटेरियन सदस्यों को संबोधित करेंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की रहेगी धूम
प्रथम दिन के अंतिम चरण में छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा के पारंपरिक नृत्य समूहों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। दो दिवसीय रोटरी डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस मित्रता, सेवा और एकता के अनूठे महाकुंभ “संगम मित्रों का” के रूप में आयोजित की जा रही है।
कॉन्फ्रेंस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक गीत-संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बॉलीवुड एवं टीवी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
विशिष्ट रोटेरियनों का हुआ आत्मीय स्वागत
डिस्ट्रिक्ट कॉन्फ्रेंस में देश के विभिन्न राज्यों से पधारे विशिष्ट रोटेरियनों का स्वागत रोटरी डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रोटे अजित खंडेलवाल, रोटे सोमनाथ अग्रवाल, रोटे सुशील रामदास अग्रवाल, कॉन्फ्रेंस चेयरमेन रोटे सलज अग्रवाल, रोटरी क्लब धमतरी अध्यक्ष रोटे मनीष मित्तल, सचिव रोटे अर्पित जैन एवं सिटी कोऑर्डिनेटर रोटे भरत डागा, रोटे रोहित द्विवेदी, रोटे नवीन शर्मा, डॉ. सचिन अग्रवाल सहित “टीम अमित” के सदस्यों द्वारा किया गया।
सभी क्लबों का रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटरी क्लब रायपुर, ग्रेटर, कॉस्मो, दिवास, एक्सीलेंस, ईस्ट सहित सभी क्लबों द्वारा विगत छह माह से विशेष सहयोग प्रदान किया गया।
कॉन्फ्रेंस में आमंत्रित सदस्यों के रजिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी रोटरी क्लब संस्करधानी, धमतरी एवं जगदलपुर के रोटरी क्लब सदस्यों द्वारा निभाई गई।