सर्वमंगल की कामना और सहयोग से ही धरती पर स्वर्ग का निर्माण: जगतगुरु नरसिंह देवाचार्य

जबलपुर। गीता धाम गौरीघाट में आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के प्रथम दिवस जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत हर प्राणी को सत्कर्म करते हुए जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने राजा परीक्षित के प्रसंग के माध्यम से जीवन के गूढ़ रहस्यों और आध्यात्मिक ज्ञान को सरल रूप में समझाया।

जीवन में ही स्वर्ग का निर्माण संभव

आचार्य श्री ने कहा कि जीवन में शांति, संतोष, प्रसन्नता और आनंद का होना ही वास्तविक स्वर्ग है। उन्होंने बताया कि मरने के बाद स्वर्ग की कल्पना से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि व्यक्ति अपने जीवन में ही स्वर्ग जैसी परिस्थितियों का निर्माण करे। प्रेमपूर्ण व्यवहार, छल-कपट से रहित जीवन, परस्पर सहयोग और सर्वमंगल की भावना से युक्त जीवन ही सच्चे अर्थों में स्वर्ग के समान होता है।

दुराचरण से बनता है नरक जैसा वातावरण

उन्होंने कहा कि जहां छल, कपट, ईर्ष्या और दूसरों को गिराने की प्रवृत्ति होती है, वहां का वातावरण नरक के समान हो जाता है। नरक कोई स्थान विशेष नहीं, बल्कि हमारे दुष्कर्मों और दुर्गुणों से निर्मित स्थिति है। इसलिए सदाचरण को अपनाकर ही जीवन को सुखमय और सार्थक बनाया जा सकता है।

वैशाख मास में आयोजित हो रही भागवत कथा

वैशाख मास के पावन अवसर पर गीता धाम गौरीघाट में श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन 13 अप्रैल से 19 अप्रैल तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से किया जा रहा है। कथा का वाचन जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज के श्रीमुख से हो रहा है।

कलश यात्रा और देव आवाहन के साथ हुआ शुभारंभ

कथा के प्रथम दिवस कलश यात्रा और देव आवाहन के पश्चात भागवत महात्म्य की कथा सुनाई गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर कथा का श्रवण कर रहे हैं और आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

भक्तों से कथा श्रवण का आग्रह

घनश्याम दास शर्मा, प्रणव शर्मा, अर्चना शर्मा, अर्शिता, प्रथव, रामावतार शर्मा, मालती शर्मा, प्रकाश चंद्र शर्मा, गायत्री शर्मा, ब्रह्मचारी हिमांशु जी, कामता प्रसाद, आचार्य रामफल शास्त्री, संदीप मिश्रा, प्रियांशु और राजेंद्र यादव सहित नरसिंह मंदिर गीता धाम भक्त परिवार ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने का आग्रह किया है।

Back to top button