
पन्ना। किलकिला नदी के समीप स्थित पवित्र अमराई घाट का जीर्णोद्धार पूर्ण होने के उपरांत पूर्व मंत्री एवं वर्तमान पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह द्वारा विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने इसे अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि यह वही पवित्र स्थल है जहां महामति प्राणनाथ जी प्रथम बार पधारे थे और उनके प्रताप से किलकिला नदी का जल अमृततुल्य हो गया था। उन्होंने कहा कि इस पावन धरा के दर्शन का अवसर आज पहली बार प्राप्त हुआ, जो उनके लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
कार्यक्रम में विधायक ने किलकिला नदी की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नगर का गंदा पानी नदी में मिलने से इसका जल दूषित हो गया है। इसे ध्यान में रखते हुए लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने की योजना बनाई गई है, जिसके लिए भूमि भी आरक्षित की जा चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।
उन्होंने बताया कि किलकिला नदी से जुड़े पुराने जल स्रोतों एवं नहरों के पुनर्जीवन का कार्य भी किया गया है, जिससे धर्म सागर और लोकपाल सागर जैसे प्रमुख तालाबों को पुनः जल आपूर्ति संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाकर नहर को पुनर्जीवित करना चुनौतीपूर्ण कार्य था, लेकिन नगरहित में यह कदम आवश्यक था।
विधायक ने पन्ना नगर के समग्र विकास के लिए रिंग रोड निर्माण, अमानगंज एवं सतना मार्ग को जोड़ने की योजना, तथा मडला घाटी में जाम की समस्या के समाधान हेतु लगभग 2100 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड रोड निर्माण की जानकारी भी दी। साथ ही शीघ्र ही मुख्यमंत्री के आगमन पर मेडिकल कॉलेज के भूमि पूजन की बात भी कही।

अमराई घाट की आध्यात्मिक महिमा पर विद्वानों ने डाला प्रकाश
कार्यक्रम में विद्वान पंडित खेमराज शर्मा ने अमराई घाट की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भूमि केवल वर्तमान ही नहीं बल्कि भविष्य में भी विशेष पहचान प्राप्त करेगी। उन्होंने पुराणों के संदर्भ में बताया कि यह स्थल भगवान शिव एवं माता उमा से जुड़ा हुआ है, जहां आनंद और दिव्यता का अद्भुत संगम है।
उन्होंने कहा कि इसी पवित्र स्थान पर भगवान शिव ने माता उमा को अमर कथा सुनाई थी और भविष्यवाणी की थी कि इस भूमि पर परमात्मा का प्रकटन होगा। आगे चलकर महामति प्राणनाथ जी के आगमन ने इस भविष्यवाणी को साकार किया और इस क्षेत्र को आध्यात्मिक दृष्टि से और अधिक गौरव प्रदान किया।
कार्यक्रम में विदुषी डॉ. कमलावती शर्मा, श्रीमती रंजना दुबे, श्रीमती मधु शर्मा, पंडित देवकरण त्रिपाठी (गांधी पुजारी), रोशन पुजारी, पवन पुजारी, बाबूलाल धामी, अल्पेश शर्मा, रंजीत शर्मा सहित श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेश शर्मा, सचिव प्रेम शर्मा, मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी डीके दुबे, चिदानंद शर्मा, राजू शर्मा, प्रेम शर्मा, सिंपू शर्मा, प्रबंधक आशीष शर्मा, विधायक प्रतिनिधि विष्णु पांडे सहित काफी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं महिला शक्ति उपस्थित रही। कार्यक्रम का सफल संचालन कृष्ण कुमार शर्मा (छोटू महाराज) द्वारा किया गया।