अंतर्राष्ट्रीय सिनेमा के पर्दे पर चमकता मध्य प्रदेश, 80 से अधिक देशों में दिखेगी प्रदेश की विरासत

भोपाल। मध्य प्रदेश की कला, संस्कृति, वन्यजीवन और आध्यात्मिक विरासत अब वैश्विक मंच पर एक नए अंदाज में दिखाई देने वाली है। स्पेन के प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस ‘कलर्स कम्युनिकेशन ग्रुप’ (RTVV) द्वारा निर्मित अंतरराष्ट्रीय टेलीविजन सीरीज़ “Rural Tourism of the World” की शूटिंग इन दिनों मध्य प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर की जा रही है। यह सीरीज़ दुनिया के 80 से अधिक देशों में प्रसारित होगी, जिससे मध्य प्रदेश की समृद्ध विरासत और पर्यटन संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री के विजन से साकार हो रहा वैश्विक सहयोग

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ इलैयाराजा टी. ने कहा कि यह पहल माननीय मुख्यमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व और मध्य प्रदेश–स्पेन के बीच हुए एमओयू (MoU) का सकारात्मक परिणाम है। यह इस दिशा में पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय सहयोग है और आने वाले समय में मध्य प्रदेश में ऐसे कई और वैश्विक फिल्म एवं कंटेंट प्रोडक्शन प्रोजेक्ट्स देखने को मिलेंगे।

FITUR Madrid 2026 की बड़ी सफलता

इसी साल जनवरी में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मेले FITUR मैड्रिड 2026 (स्पेन) का आयोजन हुआ, जिसमें मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड (MPTB) के अपर प्रबंध संचालक (AMD) डॉ. अभय अरविंद बेडेकर के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने स्पेन और यूरोप के पर्यटन एवं फिल्म उद्योग के समक्ष राज्य की विविध पर्यटन संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया था। इसी दौरान फिल्म पर्यटन से जुड़े संवादों का परिणाम है कि आज मध्य प्रदेश अंतरराष्ट्रीय शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में तेजी से उभर रहा है।

विरासत, प्रकृति और आध्यात्म का वैश्विक प्रदर्शन

यह अंतरराष्ट्रीय सीरीज़ मध्य प्रदेश के उन विविध पहलुओं को दुनिया के सामने लाएगी, जो इसे भारत के सबसे अनूठे पर्यटन राज्यों में शामिल करते हैं। शूटिंग के दौरान साँची स्तूप और भीमबेटका रॉक शेल्टर्स जैसे यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों को फिल्माया जा रहा है। वहीं सतपुड़ा नेशनल पार्क, पचमढ़ी बायोस्फीयर रिजर्व और तवा क्षेत्र के जंगल, बोट सफारी और प्राकृतिक दृश्य प्रदेश की वन्य समृद्धि को प्रदर्शित करेंगे।

इसके साथ ही तामिया, साबरवानी और धूसावानी जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में जनजातीय संस्कृति, गोंड पेंटिंग, लोक जीवन, ग्रामीण होमस्टे और ‘फार्म टू प्लेट’ अनुभवों को भी सीरीज़ का हिस्सा बनाया गया है। उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर की आध्यात्मिक भव्यता और धार्मिक परंपराएं भी अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुँचेंगी।

क्रू ने धुसावानी होमस्टे में महसूस की प्रदेश की आत्मीयता

स्पेनिश फिल्म क्रू ने ग्रामीण संस्कृति और आतिथ्य सत्कार का गहरा अनुभव धुसावानी होमस्टे में प्राप्त किया है। डायरेक्टर जुआन फ्रूटोस ने इसे “अद्भुत” बताया है।

“यदि आप वास्तविक भारत को जानना चाहते हैं, तो आपको यहाँ आना ही होगा। अपनी टीम के साथ मध्य प्रदेश पर डॉक्युमेंट्री शूट करना एक अद्भुत अनुभव रहा। हमने इस शानदार क्षेत्र के बहुत सारे फुटेज एकत्र किए हैं। यहाँ बिताए गए अच्छे समय के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।”

फिल्म टूरिज्म को मिलेगा नया आयाम

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड (MPTB) द्वारा शूटिंग के लिए आवश्यक अनुमति, लॉजिस्टिक सहयोग, सुरक्षा व्यवस्था और ऑन-ग्राउंड समन्वय उपलब्ध कराया जा रहा है। यह पहल राज्य को “फिल्म फ्रेंडली डेस्टिनेशन” के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

बीते कुछ वर्षों में मध्य प्रदेश ने फिल्म पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। बॉलीवुड फिल्मों, वेब सीरीज़ और अंतर्राष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री प्रोजेक्ट्स के लिए प्रदेश लगातार पसंदीदा लोकेशन बन रहा है। इससे न केवल राज्य की वैश्विक ब्रांडिंग मजबूत हो रही है, बल्कि स्थानीय रोजगार, ग्रामीण पर्यटन और सांस्कृतिक अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिल रहा है।

आज मध्य प्रदेश केवल “टाइगर स्टेट” नहीं, बल्कि विश्व सिनेमा के लिए प्रकृति, संस्कृति, अध्यात्म और अनुभवों से भरा एक जीवंत कैनवास बन चुका है।

Back to top button