VIDEO: जुगल किशोर जू लोक से पन्ना बनेगा धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र: बृजेन्द्र प्रताप सिंह

पन्ना। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सदैव सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और विकास कार्यों की विरोधी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस प्रकार कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था, उसी प्रकार आज पन्ना में निर्माणाधीन जुगल किशोर जू लोक के विरुद्ध भी दुष्प्रचार किया जा रहा है।

सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर

श्री सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने देश और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं विकसित करने का ऐतिहासिक कार्य किया है। वर्षों से उपेक्षित धार्मिक स्थलों का पुनरोद्धार कर उन्हें विश्वस्तरीय स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में राम राजा लोक, देवी महालोक, अहिल्या लोक, परशुराम लोक, पीतांबरा महालोक, हनुमान लोक, महाराणा प्रताप लोक, मां नर्मदा महालोक तथा जुगल किशोर जू लोक सहित अनेक सांस्कृतिक परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है।

महाकाल लोक का दिया उदाहरण

उन्होंने कहा कि उज्जैन में महाकाल लोक निर्माण के समय भी कांग्रेस ने विरोध किया था, लेकिन आज वही परियोजना उज्जैन को विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित कर चुकी है। इसी प्रकार जुगल किशोर जू लोक भी पन्ना के विकास का नया अध्याय लिखेगा तथा शहर में सड़क, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग और यात्री सुविधाओं का विस्तार होगा।

15 से 29 जुलाई तक धार्मिक महोत्सव

श्री सिंह ने बताया कि जुगल किशोर जू की महिमा और पन्ना की आध्यात्मिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 15 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक श्रीमद्भागवत कथा, भक्तमाल कथा एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कथा प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक होगी तथा रात्रि में भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी।

देशभर के संत-महात्मा होंगे शामिल

उन्होंने बताया कि पूज्य गुरुदेव श्री राजेन्द्र दास जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव में स्वामी रामप्रवेश दास जी महाराज, श्रुतिहंस दास जी देवाचार्य महाराज, संत कुमार दास जी महाराज, रविशंकर जी महाराज, राम अनुग्रह दास जी महाराज, अलबेली शरण जी महाराज, धीरेन्द्र शास्त्री जी महाराज एवं इन्द्रेश उपाध्याय जी महाराज सहित अनेक संतों का आगमन प्रस्तावित है।

भजन संध्या और रासलीला रहेंगी आकर्षण का केंद्र

महोत्सव के दौरान प्रसिद्ध भजन गायक चित्र-विचित्र जी महाराज, साध्वी पूर्णिमा दीदी, अमित दुबे एवं साथी तथा गोपाल श्रीवास्तव एवं साथी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं पंडित कुंजबिहारी शर्मा द्वारा रासलीला का मंचन भी किया जाएगा। आयोजन से पूर्व भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।

दुष्प्रचार से बचने की अपील

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्री सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से जुगल किशोर जू लोक और धार्मिक आयोजनों के विरुद्ध दुष्प्रचार किया जा रहा है। यदि किसी को किसी निर्माण कार्य पर आपत्ति है तो उसे वैधानिक प्रक्रिया के तहत प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करना चाहिए। बिना तथ्यों के आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करना उचित नहीं है।

जनभागीदारी का किया आह्वान

प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने जिलेवासियों से धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा पन्ना की सांस्कृतिक विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेन्द्र मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष मीना पांडे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संतोष यादव, कमल लालवानी, पूनम यादव, कैलाश गुप्ता, राजेंद्र प्रधान सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा

Back to top button