25 टन नारियल के नाम पर 7.50 लाख की साइबर ठगी, गुजरात और उत्तर प्रदेश से दो आरोपी गिरफ्तार

पन्ना/देवेंद्रनगर। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “सेफ क्लिक 2026” अभियान के अंतर्गत देवेंद्रनगर पुलिस ने 7 लाख 50 हजार रुपये की साइबर ठगी का पर्दाफाश करते हुए गुजरात और उत्तर प्रदेश से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 25 टन नारियल सप्लाई करने का झांसा देकर एक व्यापारी से लाखों रुपये की ठगी की थी।

मिनी मार्केट संचालक को बनाया निशाना

फरियादी भागवत प्रसाद विश्वकर्मा, निवासी देवेंद्रनगर, ने अपने मिनी मार्केट के लिए 25 टन नारियल खरीदने हेतु एक ऑनलाइन बाजार एप पर आवश्यकता दर्ज की थी। 27 जनवरी 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे संपर्क कर स्वयं को “केरल फॉर्च्यून ट्रेडर्स” का प्रतिनिधि बताया और 25 टन नारियल 7.50 लाख रुपये में उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया।

आरोपी ने फर्म के दस्तावेज, जीएसटी नंबर, ट्रक एवं चालक के दस्तावेज भेजकर फरियादी का विश्वास जीत लिया। इसके बाद विभिन्न माध्यमों से कुल 7.50 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में जमा करा लिए गए।

राशि मिलते ही बंद कर दिया संपर्क

भुगतान प्राप्त होने के बाद कथित व्यापारी और ट्रक चालक दोनों ने फरियादी से संपर्क समाप्त कर दिया। न तो नारियल की खेप पहुंची और न ही किसी प्रकार का जवाब मिला। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों और भ्रामक जानकारी का उपयोग कर सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की थी।

शिकायत के आधार पर थाना देवेंद्रनगर में अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित हुई विशेष टीमें

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना चौहान तथा एसडीओपी पन्ना एस.पी. सिंह बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव के नेतृत्व में दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच में पुलिस साइबर सेल को भी शामिल किया गया।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान की। इसके बाद एक टीम गुजरात के अहमदाबाद तथा दूसरी टीम उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद रवाना की गई।

देश के अलग-अलग राज्यों में दबिश देकर पकड़े गए आरोपी

लगातार तकनीकी निगरानी और सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली।

आरोपियों ने बताया कि वे Just Dial के माध्यम से प्राप्त मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर लोगों की जरूरत के अनुसार स्वयं को व्यापारी या सप्लायर बताकर विश्वास में लेते थे और फिर बैंक खातों के माध्यम से रकम प्राप्त कर ठगी करते थे।

ठगी की रकम आपस में बांट लेते थे आरोपी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 27 जनवरी 2026 को उनके साथियों ने उन्हें बताया था कि एक व्यक्ति उनके झांसे में फंस गया है और उसके द्वारा भेजी जाने वाली राशि बैंक खाते में प्राप्त करनी है। इसके बाद आरोपियों ने अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए, जिनमें ठगी की रकम प्राप्त हुई और बाद में सभी ने आपस में राशि बांट ली।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में अमित राजपूत निवासी जिला फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश) एवं राम सिंह निवासी जिला फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।

दो आरोपी अब भी फरार

मामले में शिवम ठाकुर निवासी फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश) एवं शिवम श्रीवास्तव निवासी नोएडा (दिल्ली-एनसीआर) अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी तलाश जारी है।

4.95 लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 लाख 95 हजार रुपये नकद तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव, सहायक उपनिरीक्षक बी.एम. सिंह चंदेल, प्रधान आरक्षक शिवस्वरूप तिवारी, लक्ष्मीनारायण, शंकर बुंदेला, सतेंद्र बागरी, आरक्षक ब्रजेंद्र, अमित बागरी, महिला आरक्षक मधु किराड़े, भूरी सिंह एवं पुलिस साइबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू द्वारा पूरी टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।

सेफ क्लिक 2026 अभियान के तहत बड़ी सफलता

देवेंद्रनगर पुलिस की यह कार्रवाई “सेफ क्लिक 2026” अभियान के तहत साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन लेनदेन एवं व्यापारिक सौदों के दौरान पूरी सावधानी बरतने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा 

Back to top button