डुमना एयरपोर्ट पर ‘इनर क्लैरिटी फॉर ऑपरेशनल एक्सीलेंस’ विषय पर ज्ञान एवं ध्यान सत्र आयोजित

जबलपुर। “इनर क्लैरिटी फॉर ऑपरेशनल एक्सीलेंस” विषय पर जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पर अधिकारियों, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के लिए ज्ञान एवं ध्यान सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों में तनाव प्रबंधन, मानसिक स्पष्टता और कार्यकुशलता को बढ़ावा देना था।

तनाव प्रबंधन पर दिया विशेष जोर

सत्र का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ प्रशिक्षक ऋतु राज असाटी ने किया। उन्होंने कहा कि अधिकांश शारीरिक बीमारियों की शुरुआत मानसिक तनाव से होती है। यदि तनाव का समय रहते प्रबंधन कर लिया जाए तो कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने ध्यान और श्वास तकनीकों को आधुनिक जीवनशैली की आवश्यकता बताते हुए कहा कि विमानन जैसे संवेदनशील क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों के लिए मानसिक संतुलन और बेहतर निर्णय क्षमता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

सामूहिक ध्यान से मिला सकारात्मक अनुभव

सत्र के अंत में सामूहिक ध्यान कराया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने मानसिक शांति, नई ऊर्जा और एकाग्रता का अनुभव साझा किया। उनका कहना था कि इस अभ्यास से तनाव कम करने और सकारात्मक सोच विकसित करने में मदद मिली।

एयरपोर्ट निदेशक ने सराही पहल

जबलपुर एयरपोर्ट के निदेशक राजीव रत्न पांडे ने कहा कि एयरपोर्ट पर कार्यरत कर्मचारियों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होती हैं। ऐसे में मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक संतुलन पर केंद्रित कार्यक्रम उनकी कार्यक्षमता और सुरक्षित विमानन संचालन को मजबूत बनाने में सहायक होंगे। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।

ध्यान और श्वास तकनीकों के बताए लाभ

कार्यक्रम के समन्वयक नीरज गुड़वानी ने कहा कि ध्यान एवं श्वास की सरल तकनीकों से प्रतिभागियों ने स्वयं को अधिक शांत, ऊर्जावान और केंद्रित महसूस किया। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भारत सरकार के पूर्व सहायक सॉलिसिटर जनरल राधेलाल गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य के लिए इस पहल को सराहनीय बताया। कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से जय दुबे, सोनू बोथरा, आदित्य तिवारी एवं श्रद्धा मिश्रा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं सुरक्षा कर्मियों ने भाग लिया।

Back to top button