सोते समय गैंती से कराया जानलेवा हमला, पवई पुलिस का खुलासा; पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश

पन्ना। देशभर में पिछले कुछ समय से वैवाहिक रिश्तों में विश्वासघात, अवैध प्रेम संबंधों और पति की हत्या अथवा हत्या की साजिश से जुड़े कई चर्चित मामले सामने आए हैं। मध्यप्रदेश का पन्ना जिला भी ऐसे मामलों से अछूता नहीं रहा है। कुछ ही दिन पहले रैपुरा थाना क्षेत्र के बघवारकलां हत्याकांड में पुलिस ने दावा किया था कि दूसरी शादी करने वाली एक महिला ने अपने पहले पति के साथ मिलकर दूसरे पति की हत्या कराई थी।

अब पवई थाना क्षेत्र के कृष्णगढ़ गांव से भी इसी तरह का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई और रात में उसके सोते समय गैंती से जानलेवा हमला कराया। समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई और वर्तमान में उसका इलाज जबलपुर मेडिकल कॉलेज में जारी है।

14 जुलाई की रात हुआ था हमला

पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को कृष्णगढ़ निवासी चंद्रभान लोधी ने थाना पवई में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई रात में अपने कमरे में पत्नी के साथ सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और गैंती से उसके भाई के शरीर पर कई जानलेवा वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

वैज्ञानिक जांच से खुली साजिश की परतें

पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना सिंह चौहान तथा एसडीओपी पवई श्रीमती भावना दांगी के मार्गदर्शन में थाना पवई पुलिस ने तकनीकी, वैज्ञानिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन विवेचना की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पूछताछ के दौरान घायल की पत्नी की भूमिका संदिग्ध मिलने पर उससे लगातार पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

पति की प्रताड़ना और प्रेम संबंध बने साजिश की वजह

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और अपमानित करता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। इसी दौरान उसका एक अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध हो गया, जिसके साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। जिसके चलते रात में उसके सोने के बाद अपने प्रेमी को बुलाकर गैंती से जानलेवा हमला कराया। हालांकि समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।

पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया। मामले के दूसरे आरोपी की तलाश जारी है तथा पुलिस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत विवेचना कर रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार, उप निरीक्षक एम.एल. कोल, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र प्रजापति, कमलेश शर्मा तथा महिला आरक्षक खुशबू सिंह बघेल की सराहनीय भूमिका रही।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा 

Back to top button