
जबलपुर। श्री सनातन धर्म महासभा के तत्वावधान में संस्कारधानी जबलपुर में वर्ष 1980 से भगवान श्रीकृष्ण के पावन जन्मोत्सव पर निकाली जा रही परंपरागत, ऐतिहासिक एवं विशाल शोभायात्रा इस वर्ष भी भव्य स्वरूप में निकाली जाएगी। शोभायात्रा आगामी 4 सितंबर को श्रीमद् जगतगुरु डॉ. स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज एवं सभी पूज्य संतों-महंतों के सानिध्य और नेतृत्व में आयोजित होगी। शोभायात्रा में संस्थापक परमपूज्य नरसिंहपीठाधीश्वर महंत रामचंद्रदास जी शास्त्री एवं श्रीमद् जगतगुरु श्यामदेवाचार्य जी महाराज की सूक्ष्म उपस्थिति रहेगी।
31 जुलाई को होगी पहली तैयारी बैठक
इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभायात्रा को और अधिक भव्य, दिव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से तैयारियों को लेकर पहली महत्वपूर्ण बैठक आगामी शुक्रवार 31 जुलाई को सायंकाल 5 बजे नरसिंह मंदिर में आयोजित की जाएगी।
बैठक श्रीमद् जगतगुरु डॉ. स्वामी नरसिंहदेवाचार्य जी महाराज के संरक्षण एवं सानिध्य में तथा श्री सनातन धर्म महासभा के अध्यक्ष श्री श्याम साहनी की अध्यक्षता में होगी। बैठक में नगर के सहयोगी मंदिरों, सामाजिक संस्थाओं एवं गणमान्य नागरिकों के प्रतिनिधि शामिल होकर शोभायात्रा की तैयारियों पर चर्चा करेंगे।
शोभायात्रा को ऐतिहासिक बनाने पर होगा मंथन
बैठक में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शोभायात्रा को पिछले वर्षों की अपेक्षा और अधिक भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। आयोजन की व्यवस्थाओं, सहभागिता और अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर सहयोगी मंदिरों एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए जाएंगे।
आजीवन सदस्यों और युवा-महिला मंडल से सहभागिता का आग्रह
श्री सनातन धर्म महासभा के महामंत्री अशोक मनोध्या, कोषाध्यक्ष गुलशन मखीजा, तरुण भनोट, बाबू विश्वमोहन, अनिल तिवारी, प्रेम पूरी गोस्वामी, गिरिराज चाचा, सुनीता चावला, अंजू भार्गव, गीता पांडे, सोनल सेठी, कविता दुबे, पूजा जेठा, प्रवेश खेड़ा, विष्णु पटेल, विध्येश भापकर एवं राजेश सेठी ने महासभा के सभी आजीवन सदस्यों, महिला मंडल एवं युवा मंडल के सदस्यों, मंदिरों एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों तथा सहयोगी भक्तों से बैठक में आवश्यक रूप से उपस्थित होने का अनुरोध किया है।
उन्होंने सभी सहयोगियों से आग्रह किया है कि वे अपने सुझावों के साथ समय पर बैठक में उपस्थित होकर भगवान श्रीकृष्ण की ऐतिहासिक शोभायात्रा को इस वर्ष और अधिक भव्य एवं दिव्य बनाने में सहयोग प्रदान करें।