पन्ना पुलिस ने लौटाए 1,940 गुम मोबाइल, 2.91 करोड़ की बरामदगी से बनाया रिकॉर्ड

सीईआईआर पोर्टल पर 92 प्रतिशत रिकवरी का दावा

राकेश कुमार शर्मा

पन्ना। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में पन्ना पुलिस ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर लगभग 92 प्रतिशत रिकवरी दर के साथ लगातार प्रथम स्थान बनाए रखने पर दूरसंचार विभाग (DoT) मध्य प्रदेश के अतिरिक्त महानिदेशक (टेलीकॉम) आशीष पाठक ने पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ को प्रशंसा पत्र एवं रिकग्निशन शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।

एक साल में 1,940 मोबाइल बरामद

पुलिस के अनुसार, विगत एक वर्ष में पन्ना पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से 1,940 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस दिलाए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 91 लाख रुपये बताई गई है। इस उपलब्धि में साइबर सेल के साथ जिले के सभी थानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिसकर्मियों को भी मिला सम्मान

कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए साइबर सेल पन्ना की टीम, कोतवाली के आरक्षक अभिषेक यादव और अमानगंज थाने के आरक्षक अरुण तिवारी को भी सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह तत्परता से काम करने के लिए प्रोत्साहित किया।

सीईआईआर और संचार साथी पर हुई कार्यशाला

इस अवसर पर पुलिस कॉन्फ्रेंस हॉल में दूरसंचार विभाग भोपाल के सहयोग से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों ने सीईआईआर एवं संचार साथी पोर्टल, ई-सिम तकनीक, एफआईआर अलर्ट सिस्टम और साइबर सुरक्षा से जुड़ी नई तकनीकों की जानकारी दी। थाना स्तर पर आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान और मोबाइल बरामदगी की प्रक्रिया को तेज करने पर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम में एएसपी वंदना सिंह चौहान, रक्षित निरीक्षक आदित्य मिश्रा सहित दूरसंचार विभाग के अधिकारी और जिले के पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

मोबाइल गुम होने पर सीईआईआर पोर्टल पर कराएं ब्लॉक

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर थाने में सूचना देने के साथ सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया भी अपनाएं। इससे मोबाइल के दुरुपयोग को रोकने और उसके नेटवर्क पर दोबारा सक्रिय होने की स्थिति में उसे ट्रेस करने में मदद मिल सकती है।