
शाहनगर/पन्ना। ग्राम पंचायत शाहनगर के लिए 1 नवंबर 2026 गौरवपूर्ण दिन रहा। पंचायत के सरपंच मनोज जैन एवं सचिव अधिवक्ता कुलभूषण चतुर्वेदी को नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित नेशनल साइंस सेंटर ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में भारत प्रतिभा सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया। जनसेवा, कानून एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों तथा पंचायत में किए गए नवाचारों के लिए भारत प्रतिभा सम्मान काउंसिल द्वारा दोनों को यह सम्मान प्रदान किया गया।
दिल्ली से लौटने पर जगह-जगह हुआ स्वागत
सम्मान प्राप्त कर दिल्ली से पन्ना और फिर अपने गृह ग्राम शाहनगर लौटने पर सरपंच-सचिव का जगह-जगह स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और आतिशबाजी के बीच नगरवासियों ने उनका अभिनंदन किया। पन्ना के एक निजी पैलेस में जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी ने श्रीफल एवं शाल भेंटकर दोनों का सम्मान किया। वहीं शाहनगर पहुंचने पर स्थानीय पेट्रोल पंप के पास मंडल अध्यक्ष सुलभ उरमालिया सहित जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान पूरे कस्बे में उत्सव जैसा माहौल रहा।
पूरे शाहनगर और जिलेवासियों का सम्मान
इस अवसर पर सरपंच मनोज जैन ने कहा कि यह उनके जीवन का अभूतपूर्व क्षण है। यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे शाहनगर, पन्ना जिले और प्रदेशवासियों का है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय सांसद वीडी शर्मा, पवई विधायक प्रह्लाद लोधी और जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी के मार्गदर्शन को दिया।
पंचायत के नवाचारों को बताया उपलब्धि का आधार
पंचायत सचिव अधिवक्ता कुलभूषण चतुर्वेदी ने कहा कि सरपंच की दूरदर्शी सोच और पारदर्शी करारोपण प्रणाली के चलते पंचायत को यह सम्मान हासिल हुआ है। इस उपलब्धि पर सरपंच की पत्नी वर्षा जैन एवं सचिव की पत्नी निधि चतुर्वेदी ने भी प्रसन्नता व्यक्त की।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा