शाहनगर पंचायत को राष्ट्रीय सम्मान, सरपंच मनोज जैन और सचिव कुलभूषण सम्मानित

दिल्ली के नेशनल साइंस सेंटर ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में जनसेवा, कानून एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए किया गया सम्मानित

शाहनगर (पन्ना)। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर पन्ना जिले की शाहनगर ग्राम पंचायत ने राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित नेशनल साइंस सेंटर ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में ग्राम पंचायत शाहनगर के सरपंच मनोज कुमार जैन एवं सचिव अधिवक्ता कुलभूषण चतुर्वेदी को भारत प्रतिभा सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया।

भारत प्रतिभा सम्मान काउंसिल द्वारा पत्र क्रमांक BPSC/CONF/2026/130 एवं 131 के माध्यम से दोनों का चयन जनसेवा, कानून एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों और पंचायत में किए गए नवाचारों के लिए किया गया था। समारोह में राष्ट्रीय मंच पर यह सम्मान प्रदान किया गया।

पंचायत में किए गए नवाचारों की मिली पहचान

सम्मान प्राप्त करने के बाद सरपंच मनोज कुमार जैन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत में किए गए नवाचारों के लिए यह सम्मान मिलना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने भारत प्रतिभा सम्मान काउंसिल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से उन्हें इस राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर मिला।

क्षेत्र में खुशी का माहौल

शाहनगर पंचायत के प्रतिनिधियों को मिले इस सम्मान से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इसे पंचायत के जनसेवा और ग्रामीण विकास से जुड़े प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा