
पन्ना। जिले की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और किसानों-पशुपालकों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक ब्रजेन्द्र प्रताप सिंह ने पहल की है। उन्होंने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर गुजरात के बनासकांठा जिले की तर्ज पर पन्ना में आधुनिक दुग्ध उत्पादन केंद्र विकसित करने का सुझाव दिया है।
विधायक ने पत्र में बताया कि मध्यप्रदेश शासन की स्वावलंबी गौशाला (कामधेनु निवास) नीति-2025 के तहत पन्ना में करीब 180 एकड़ भूमि पर 5000 गोवंश क्षमता का गौ अभयारण्य प्रस्तावित है। इसे डेयरी उद्योग से जोड़कर दुग्ध उत्पादन, संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की एकीकृत व्यवस्था विकसित की जा सकती है।
बनास डेयरी मॉडल से किसानों और पशुपालकों को मिलेगा बाजार
उन्होंने बनास डेयरी मॉडल का उल्लेख करते हुए कहा कि सहकारी व्यवस्था से किसानों और पशुपालकों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं की आर्थिक भागीदारी भी बढ़ाई जा सकती है। गोबर से बायो सीएनजी और जैविक उत्पाद तैयार करने की संभावनाएं भी तलाशी जा सकती हैं।
रोजगार के नए अवसर विकसित करने की पहल
इससे दुग्ध उत्पादन के साथ चारा, परिवहन, प्रसंस्करण और विपणन के क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। विधायक ने केंद्र सरकार से इस दिशा में आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन देने का आग्रह किया है।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा