फेडरेशन ने जबलपुर में आधुनिक टेलीकॉम क्लस्टर, सेमीकंडक्टर हब विकसित करने के प्रयास बढ़ाए

जबलपुर। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल में मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल एवं एमएसएमई विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई से मुलाकात कर जबलपुर को टेलीकॉम, इलेक्ट्रॉनिक, सेमीकंडक्टर एवं टेक्नोलॉजी मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित करने हेतु नीतिगत सुझाव दिए।

फेडरेशन के अध्यक्ष हिमांशु खरे ने कहा कि वर्तमान समय में देश में मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया एवं आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत स्वदेशी इलेक्ट्रॉनिक्स, टेलीकॉम उपकरण, सेमीकंडक्टर एवं उन्नत तकनीकी विनिर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

आधुनिक टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित करने का सुझाव

उन्होंने कहा कि टेलीकॉम फैक्ट्री परिसर में आधुनिक टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जाए, जहां 5जी/6जी नेटवर्क उपकरण, राउटर, स्विच, ट्रांसमिशन उपकरण, नेटवर्किंग हार्डवेयर एवं अन्य संचार उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा दिया जा सके तथा परिसर में सेमीकंडक्टर एवं इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी सेंटर विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन किया जाए। यहां इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स, सेमीकंडक्टर से संबंधित विनिर्माण, परीक्षण एवं पैकेजिंग तथा अन्य उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स गतिविधियों के लिए उद्योगों को आकर्षित किया जा सकता है। इसके साथ ही स्मार्ट कम्युनिकेशन सिस्टम के लिए रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर स्थापित किया जा सकता है।

डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स और सर्विलांस उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा

हिमांशु खरे ने आगे बताया कि जबलपुर की रक्षा उत्पादन से जुड़ी मजबूत औद्योगिक पृष्ठभूमि को देखते हुए इस क्लस्टर में डिफेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, कम्युनिकेशन एवं सर्विलांस इक्विपमेंट के निर्माण की इकाइयों को प्रोत्साहित किया जा सकता है। इससे स्थानीय एमएसएमई को रक्षा क्षेत्र की सप्लाई चेन से जोड़ने के अवसर भी प्राप्त होंगे।

निजी क्षेत्र की भागीदारी से निवेश बढ़ाने पर जोर

इस परियोजना में निजी क्षेत्र की भागीदारी के लिए पीपीपी/इन्वेस्टमेंट मॉडल तैयार किया जाए तथा देश-विदेश की टेलीकॉम, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर एवं डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों को यहां निवेश के लिए आमंत्रित किया जाए।

शासन के साथ सहयोग के लिए फेडरेशन तत्पर

फेडरेशन इस विषय में मध्यप्रदेश शासन के साथ सक्रिय रूप से सहयोग करने तथा संभावित निवेशकों एवं उद्योगों को आकर्षित करने में हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए तत्पर है।

जबलपुर में टेलीकॉम क्लस्टर एवं सेमीकंडक्टर हब जैसी पहल मध्यप्रदेश को नई तकनीक आधारित अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे ले जा सकती है।

शासन स्तर पर चर्चा का आश्वासन

इस अवसर पर प्रदेश शासन के अतिरिक्त मुख्य सचिव एमएसएमई नीरज मंडलोई ने फेडरेशन को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही इस ओर शासन तथा प्रशासकीय स्तर पर चर्चा करेंगे।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे उपस्थित

प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन के संयुक्त अध्यक्ष वीरेंद्र पोरवाल, योगेश गोयल, जयदेव ताम्रकर, अशोक आनंद, राजीव जैन, प्रवीण आचार्य, डॉ. सुरेंद्र सिंह तथा राजेश हिरवे उपस्थित थे।

Back to top button