संस्कारधानी जबलपुर में 41 वर्षों से हर भैरव अष्टमी पर बंटता है 101 गंज खीर का भोग

भगवान काल भैरव जी का भव्य जन्मोत्सव

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के प्राचीन गण उपनगरीय गढ़ा क्षेत्र में राजा संग्राम शाह द्वारा अपने कुल देवता भैरव नाथजी, जो भगवान शिव के पंचम अवतार कहे जाते हैं, की स्थापना कराई थी। उन्हीं भगवान भैरव नाथ के जन्मदिवस पर श्री काल भैरव मंदिर शिवशक्ति धाम गढ़ा में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी श्री काल भैरव अष्टमी का दो दिवसीय भव्य आयोजन हुआ।

41 वर्षों से खीर का भोग लगाने की परंपरा

मंदिर समिति के संरक्षक अशोक मनोध्याय, सीताराम दुबे, शरद दुबे कुररिया एवं रामकृष्ण ताम्रकार ने जानकारी दी कि इस मंदिर में प्रतिष्ठित नागरिक गयाप्रसाद जी सराफ द्वारा मंदिर का निर्माण करवाया गया था। उन्हीं के द्वारा खीर से प्रभु को भोग लगाने की परंपरा शुरू की गई, जो लगातार 40 वर्षों से चली आ रही है। अब उनके पुत्र अरविंद सराफ इस परंपरा को 41वें वर्ष में भी जीवित रखे हुए हैं।

दो दिवसीय पूजा और भव्य कार्यक्रम

मंदिर समिति से जुड़े बालाराम सोनी, अरविंद सराफ, मुकेश गर्ग, गुरुप्रसाद श्रीवास, मूलचंद कोस्टा, राहुल तिवारी, बंटी सेन, राकेश आसाठी और चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि प्रथम दिवस प्रातः काल भगवान के पूजन-अर्चन के बाद अखंड मानस पाठ का शुभारंभ हुआ, जो अगले दिन तक चला। तत्पश्चात भगवान रुद्र का रुद्राभिषेक और मंत्रोच्चारण के साथ हवन संपन्न हुआ। दोपहर 12 बजे से 101 गंज खीर का महाप्रसाद वितरण आरंभ हुआ, जो देर रात तक चलता रहा।

हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में महाआरती

रात्रि 8 बजे महाआरती का आयोजन मंदिर प्रांगण में हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में हुआ। श्री काल भैरव मंदिर समिति के संरक्षक पंडित सीताराम दुबे, अशोक मनोध्या, शरद दुबे कुरारिया, रामकृष्ण ताम्रकार, गुरु प्रसाद श्रीवास, अध्यक्ष बालाराम सोनी, उपाध्यक्ष मुकेश गर्ग, महासचिव अरविंद सराफ, सह सचिव जितेंद्र श्रीवास, कोषाध्यक्ष शिवम सराफ, प्रचार मंत्री एवं प्रवक्ता पंडित चंद्रशेखर शर्मा सहित पूरी समिति ने आयोजन की जिम्मेदारी निभाई।

5100 डिब्बों में खीर का प्रसाद वितरण

तिवारी एवं सराफ परिवार ने भगवान को गुड़ के लड्डू का महाभोग अर्पित किया। आरती के पश्चात 5100 एयरटाइट डिब्बों में खीर का प्रसाद तिलवारा, सगड़ा, गढ़ा, धन्वंतरि नगर के स्कूलों, कार्यालयों और पुलिस प्रशासन को वितरित किया गया। लगभग 10,000 पैकेट खीर श्रद्धालुओं को बांटे गए।

सहयोगियों को दिया गया विशेष सम्मान

कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों को प्रसाद भेजने की विशेष व्यवस्था समिति द्वारा की गई, जिसकी सभी ने प्रशंसा की। देर रात शिवम सराफ और राहुल तिवारी के नेतृत्व में भव्य महाआरती के बाद भगवान भैरव नाथ का जन्मोत्सव दिव्य रूप से संपन्न हुआ। इस दौरान प्रसाद में बरा, जलेबी, इमरती, लड्डू, केला, अनार और सेवफल का वितरण किया गया।

समिति ने जताया आभार

आयोजन समिति के संयोजक अरविंद सराफ, अध्यक्ष बलराम सोनी और काल भैरव परिवार के सभी सदस्यों ने बताया कि इस पवित्र आयोजन में सहयोग और भोग में अर्थदान करने वाले सभी श्रद्धालुओं के प्रति समिति ने हृदय से आभार व्यक्त किया।

Back to top button